Bihar News: स्मार्ट सिटी भागलपुर में तेज रफ्तार बाइक रेसिंग और लहरिया कट स्टंटबाजी के दौरान हुए हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घटना बरारी थाना क्षेत्र के सुखराज रोड पर सैंडिस कंपाउंड के सामने कटहलबाड़ी बड़ी खंजरपुर के पास रविवार सुबह हुई। हादसे के बाद पुलिस ने बाइक चला रहे नाबालिग युवक को हिरासत में लिया है, जबकि उसके साथ रेस में शामिल अन्य युवक मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 6:30 बजे कटहलबाड़ी बड़ी खंजरपुर निवासी संजय यादव की 45 वर्षीय पत्नी रामदुलारी देवी घर का कूड़ा पास के कूड़ेदान में डालकर पैदल वापस लौट रही थीं। इसी दौरान घूरनपीर मजार की ओर से छह-सात युवकों का समूह अलग-अलग बाइकों पर रेस लगाते हुए तिलकामांझी की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि बाइकों की रफ्तार करीब 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे थी।
इसी दौरान तेज रफ्तार और लहरिया कट के कारण एक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और उसने सड़क किनारे पैदल जा रही रामदुलारी देवी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला कई फीट दूर उछलकर सड़क किनारे लगे बिजली ट्रांसफार्मर के लोहे के सुरक्षा घेरे से जा टकराईं।
हादसे में रामदुलारी देवी के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (मायागंज) पहुंचाया। डॉक्टरों ने इलाज की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर बाद महिला ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में लोगों में आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों ने सड़कों पर सुबह-सुबह होने वाली तेज रफ्तार बाइक रेसिंग और स्टंटबाजी पर रोक लगाने की मांग की है।
महिला को टक्कर मारने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे बाइक चला रहा नाबालिग युवक भी घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी जब्त कर थाने भेज दिया है।
वहीं, बाइक रेस में शामिल अन्य युवक घटना के बाद अपनी-अपनी बाइक से तिलकामांझी की ओर फरार हो गए। पुलिस अब उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए जानकारी जुटा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों के साथ-साथ बाइक रेसिंग में शामिल अन्य युवकों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।





