BEGUSARAI: बेगूसराय जिले के लाखो थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर (लोदीपुर) गांव बुधवार की शाम अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया जब दोनों ओर से जमकर मारपीट और फायरिंग शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए घरों में छिप गए, जबकि कई लोग घटनास्थल छोड़कर भाग निकले।घटना में एक युवक के पैर में गोली लगने की पुष्टि हुई है। घायल युवक की पहचान मोनू राय के रूप में की गई है, जिसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही लाखो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी।
घटनास्थल से मिले खोखे और कारतूस
बेगूसराय पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पुलिस टीम ने घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस और आठ खोखे बरामद किए हैं। बरामद सामान को जब्त कर फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्य पूरे मामले की तह तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रखंड प्रमुख के पति समेत दो गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल कुमार (प्रखंड प्रमुख पल्लवी कुमारी के पति) तथा गौरव कुमार उर्फ अमरदीप कुमार शामिल हैं। दोनों से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मामले की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है।
रंगदारी और दबंगई का आरोप
घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक पक्ष के राजू कुमार ने आरोप लगाया कि उनसे पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी जा रही थी। रंगदारी नहीं देने पर पहले धमकाया गया और बाद में हमला कर फायरिंग की गई। राजू कुमार का दावा है कि बुधवार दोपहर ही प्रखंड प्रमुख के ससुर पप्पू ठाकुर उनके घर पहुंचे थे और विवाद के दौरान गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है।
राजू कुमार के अनुसार शाम करीब साढ़े सात बजे उनके पिता रामबालक सिंह घर पर बैठे थे, तभी राहुल कुमार समेत कई लोग पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। उनका दावा है कि हमलावरों ने 50 राउंड से अधिक गोलियां चलाईं।
दूसरे पक्ष ने लगाया साजिश का आरोप
वहीं दूसरे पक्ष ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए खुद को निर्दोष बताया है। उनका कहना है कि उन्हें जानबूझकर फंसाया जा रहा है। उनका दावा है कि यदि समाज का कोई भी व्यक्ति उनके आपराधिक चरित्र की पुष्टि कर दे तो वे स्वयं न्यायालय में आत्मसमर्पण करने को तैयार हैं। दूसरे पक्ष का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान रखी गई मिट्टी को लेकर विवाद हुआ था और उसी विवाद को लेकर मामला बढ़ा।
सड़क निर्माण और रंगदारी टैक्स बना विवाद की वजह
प्रखंड प्रमुख पल्लवी कुमारी की सास रेणु देवी ने आरोप लगाया कि उनके पति सड़क निर्माण कार्य करा रहे थे। निर्माण कार्य के लिए रखी गई मिट्टी को लेकर कुछ लोग कथित रूप से रंगदारी टैक्स मांग रहे थे। पैसा नहीं देने पर लगातार धमकी दी जा रही थी।
रेणु देवी ने कहा कि बुधवार सुबह कुछ लोग मिट्टी हटाने का दबाव बना रहे थे। जब समय मांगा गया तो गाली-गलौज और धमकी दी गई। इसके बाद रात में उनके घर पहुंचकर हमला किया गया। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान 100 राउंड से अधिक गोलियां चलाई गईं और उनके ड्राइवर मोनू राय के पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने क्या कहा
एएसपी मनीष ने बताया कि लाखो थाना को सूचना मिली थी कि शाहपुर गांव में दो पक्षों के बीच गोलीबारी हो रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटनास्थल से दो जिंदा गोली और आठ खोखे बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि घायल युवक मोनू राय के पैर में गोली लगी है। दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कर लिया गया है तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गांव में तनाव, पुलिस कैंप कर रही निगरानी
घटना के बाद शाहपुर गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लगातार इलाके की निगरानी कर रही है। स्थानीय लोगों में अब भी भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी गोलीबारी की घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। फिलहाल पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि फायरिंग किस पक्ष ने शुरू की और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था।





