Bihar Crime : बेगुसराय के बखरी थाना क्षेत्र में हुए चर्चित रोबिन सिंह हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस छोटे भाई ने अपने बड़े भाई के लापता होने की कहानी गढ़कर परिवार और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी, वही इस पूरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस जांच में सामने आया कि अनुकंपा पर मिलने वाली नौकरी और पारिवारिक संपत्ति पर कब्जा करने की लालच में छोटे भाई ने अपने ही भाई की हत्या कर दी।
बखरी थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ Kundan Kumar ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या के बाद से ही मृतक रोबिन सिंह का छोटा भाई सोबिन सिंह पुलिस के संदेह के घेरे में था। पूछताछ के दौरान उसके बयान लगातार बदल रहे थे, जिससे पुलिस को उस पर शक गहराता गया। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और परिस्थिति जन्य तथ्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया।
पुलिस के मुताबिक, जिला पुलिस की विशेष टीम ने मामले की गहराई से छानबीन की। बुधवार शाम सोबिन सिंह को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने योजनाबद्ध तरीके से अपने बड़े भाई रोबिन सिंह को घर से बुलाकर गांव के बाहर खेत की ओर ले गया और वहां गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल हथियार को पास की झाड़ियों में छिपा दिया और फिर खुद ही भाई के गायब होने की सूचना देकर परिवार और पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश करने लगा। हालांकि पुलिस की जांच में उसका झूठ ज्यादा देर तक नहीं टिक सका।
जांच में यह भी सामने आया कि मृतक रोबिन सिंह अविवाहित था, जबकि आरोपी सोबिन सिंह शादीशुदा है। दोनों के पिता विपुल सिंह की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। पिता की मौत के बाद अनुकंपा के आधार पर नौकरी बड़े बेटे रोबिन सिंह को मिलने वाली थी। बताया जा रहा है कि हत्या के अगले दिन रोबिन जरूरी दस्तावेज जमा करने खगड़िया जाने वाला था। इसी बात को लेकर छोटे भाई के मन में लालच और रंजिश बढ़ गई थी।
एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त अवैध हथियार भी बरामद कर लिया गया है। अवैध हथियार रखने के मामले में आरोपी के खिलाफ अलग से प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस हत्याकांड में किसी और की भूमिका तो नहीं थी। पुलिस पूछताछ में सोबिन सिंह ने दावा किया है कि उसने अकेले ही वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य संभावित कनेक्शन खंगाले जा रहे हैं।
गौरतलब है कि बीते 13 अप्रैल की रात लौछे गांव में 33 वर्षीय रोबिन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक की मां रानी देवी ने भूमि विवाद का आरोप लगाते हुए 11 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अब पुलिस खुलासे के बाद प्राथमिकी में नामजद अन्य लोगों की भूमिका की भी दोबारा जांच कर रही है। इस सनसनीखेज खुलासे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस भाई पर परिवार को सबसे ज्यादा भरोसा था, वही नौकरी और संपत्ति की लालच में अपने ही बड़े भाई का कातिल बन बैठा।





