Bihar News: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब लूट का मामला सामने आया है। अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के खरहट के समीप टोल टैक्स के पास शराब से लदा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।
इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से शराब की बोतलें लूटने के लिए ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। जिसके हाथ जितनी शराब की बोतलें लगीं, वह लेकर भाग खड़ा हुआ। घटना रानीगंज थाना क्षेत्र के खरहट स्थित टोल टैक्स के पास की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद रानीगंज थाना पुलिस और सदर एसडीपीओ सुशील कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर शराब लूटने वाले लोगों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।




