अररिया में सड़क हादसे में छह साल के बच्चे की मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए। गुस्साए ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई। भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इतना ही नहीं, डायल 112 की जीप समेत तीन पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।
बिहार के अररिया जिले में एक सड़क हादसे ने ऐसा तूल पकड़ा कि देखते ही देखते पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। जिस परिवार में छह साल के मासूम की मौत से मातम पसरा था, उसी घटना के बाद पुलिस और ग्रामीण आमने-सामने आ गए। गुस्साई भीड़ का आक्रोश इतना बढ़ गया कि पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया गया और सरकारी गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। हालात संभालने पहुंची पुलिस को भी भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
घटना शुक्रवार शाम की है। जिले के नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत सीमावर्ती बसमतिया थाना क्षेत्र के भैरोगंज वार्ड संख्या-09 में एसएसबी कैंप के पास इंडो-नेपाल सीमा सड़क पर यह हादसा हुआ। हादसे में छह वर्षीय मो. अली की जान चली गई। इसके बाद शुरू हुआ विरोध धीरे-धीरे हिंसक झड़प में बदल गया।
खेलते समय तेज रफ्तार कार ने मासूम को कुचला
जानकारी के मुताबिक, बेला पंचायत के वार्ड संख्या-09 निवासी मो. रोजीत का छह वर्षीय बेटा मो. अली शुक्रवार शाम दूसरे बच्चों के साथ इंडो-नेपाल सीमा सड़क के किनारे खेल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी घटनास्थल पर जुटने लगे। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बच्चे को टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। चालक की पहचान सुपौल जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के कोशकापुर निवासी रामकुमार मेहता के रूप में हुई है।
चालक को लेकर बढ़ा विवाद, पुलिस से भिड़ गई भीड़
मासूम की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों में हादसे को लेकर पहले से ही गुस्सा था। इसी बीच चालक को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जाता है कि दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने चालक को अपने कब्जे में ले लिया था।ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर नाराजगी थी कि हादसे के बाद चालक को तत्काल पुलिस के हवाले क्यों नहीं किया गया। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने लगा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फारबिसगंज डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर मामला शांत कराने की कोशिश की। पुलिस की कोशिश थी कि किसी तरह हालात को संभाला जाए और विवाद को आगे बढ़ने से रोका जाए।लेकिन बातचीत के दौरान ही माहौल बिगड़ गया। देखते ही देखते भीड़ और पुलिस के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई।
ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला, तीन गाड़ियां राख
झड़प के दौरान उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। भीड़ के आक्रोश का निशाना पुलिस के वाहन भी बने।उपद्रवियों ने डायल 112 की जीप समेत तीन वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इनमें घूरना थाना की डायल 112 गाड़ी और फुलकाहा थाना की दो बाइक शामिल हैं। आग की चपेट में आने से तीनों वाहन जलकर राख हो गए।
इस हमले में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना सामने आई। इनमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस बयान में पांच पुलिसकर्मियों के चोटिल होने की पुष्टि की गई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
एसपी समेत भारी पुलिस बल पहुंचा, इलाके में तनाव
घटना की सूचना मिलते ही अररिया के एसपी जितेंद्र कुमार समेत जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया।इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।वहीं, स्थिति नियंत्रण में आने के बाद पुलिस ने मृतक बच्चे के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया।बसमतिया थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि घटना के बाद स्थिति नियंत्रण में है। वरीय अधिकारी लगातार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
फिलहाल इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क पर खेल रहे एक मासूम की जान चली गई, लेकिन उसके बाद जिस तरह कानून-व्यवस्था को चुनौती दी गई और पुलिस वाहनों को आग के हवाले किया गया, उसने सीमावर्ती इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। एक हादसे से शुरू हुआ विवाद आखिर हिंसक बवाल में कैसे बदल गया, यह पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा सवाल है।





