Bihar School News: बिहार के सीवान में एक हेडमास्टर हैवानियत की सारी हदें पार कर गया। स्कूल के प्रधानाध्यापक पर आठवीं कक्षा की दो छात्राओं की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप है। मामला दारौंदा प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बघौरा संस्कृत का है। 


दरअसल, स्कूल के प्रधानाध्यापक विजय कुमार पर आठवीं कक्षा की दो छात्राओं की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मामूली बात पर गुस्साए प्रधानाध्यापक ने छात्राओं को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


स्थानीय लोगों और स्कूल कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों छात्राओं को उठाकर नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, छात्राओं की हालत अभी स्थिर लेकिन नाजुक बनी हुई है। इस घटना के बाद लड़कियों के अभिभावक और स्थानीय लोग आक्रोशित हैं और प्रधानाध्यापक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


जिला शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश जारी किए हैं। वहीं, पुलिस ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि ऐसी घटनाएं सामने आने के बाद शिक्षा विभाग के एसीएस एस सिद्धार्थ तुरंत एक्शन लेते हैं। ऐसे में अब गांव के लोग उनकी तरह से कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।