JAMUI: जमुई में दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन रविवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने एनडीए प्रत्याशी श्रेयसी सिंह के समर्थन में 10 किलोमीटर लंबा रोड शो किया।


दोनों नेता हेलीकॉप्टर से जमुई के पुलिस लाइन मैदान पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे एक खुले वाहन में सवार होकर रोड शो के लिए रवाना हुए।


यह रोड शो कटौना चौक से शुरू हुआ और नगर परिषद क्षेत्र के जमुई-मलयपुर मुख्य मार्ग से होते हुए खैरमा, सतगामा, झाझा बस स्टैंड, कचहरी चौक, महराजगंज चौक और अटल बिहारी चौक तक पहुंचा। जुलूस का समापन बोधवन तालाब चौक पर हुआ।


पूरे रास्ते में भारी भीड़ उमड़ी, जिसने पुष्पवर्षा कर नेताओं का स्वागत किया। भाजपा महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। महिलाएं केसरिया दुपट्टा और झंडे लिए सड़क किनारे खड़ी थीं, जबकि सैकड़ों युवा बाइक के साथ रोड शो में मौजूद रहे।