ARRAH NEWS: बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं। भोजपुर जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने एक ऐसे फर्जी दारोगा को गिरफ्तार किया है, जो पुलिस की वर्दी पहनकर शराब की तस्करी कर रहा था।
सहायक आयुक्त उत्पाद एवं मद्य निषेद्य रजनीश को गुप्त सूचना मिली थी कि बक्सर-पटना फोरलेन पर एक लग्जरी सफारी कार से शराब की तस्करी हो रही है। इसके बाद टीम ने कायम नगर के पास कार को रोका और तलाशी ली। कार के अंदर ट्रॉली बैग और अन्य बैग में विभिन्न ब्रांड की 283 लीटर विदेशी शराब छुपाकर रखी गई थी।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान छपरा के जलालपुर निवासी रवि किशन पाराशरा के रूप में हुई है। उसने शराब तस्करी के लिए एक महीने पहले ही बिहार पुलिस के दारोगा की वर्दी सिलवाई थी, ताकि वह आसानी से लोगों को गुमराह कर सके।
जब उत्पाद विभाग की टीम ने उसे पकड़ा, तो उसने अधिकारियों पर धौंस जमाने की कोशिश की, लेकिन उसकी चालाकी नाकाम रही। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से एक बार फिर यह साफ हो गया है कि बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर अवैध रूप से शराब लाने के नए-नए तरीके खोज रहे हैं। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
आरा -फर्जी दारोगा बनकर कर रहा था शराब की तस्करी,गिरफ्तार तस्कर की पहचान छपरा के जलालपुर निवासी रवि किशन पाराशरा के रूप में हुई है। उसने शराब तस्करी के लिए एक महीने पहले ही बिहार पुलिस के दारोगा की वर्दी सिलवाई थी. #BiharUpdate #Bihar #Biharnews pic.twitter.com/3eye9u4YZQ
— FirstBiharJharkhand (@firstbiharnews) March 8, 2025