Rajgir International Cricket Stadium Match: बिहार के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है. अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच देखने के लिए दिल्ली, मुंबई या कोलकाता जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. नालंदा के राजगीर में करीब 633 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा विश्वस्तरीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स दिसंबर 2026 तक पहले मैच के लिए तैयार हो सकता है.
राजगीर में बन रहे इस स्टेडियम में एक साथ करीब 40 से 45 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी. स्टेडियम में आधुनिक फ्लडलाइट, इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड, कॉर्पोरेट बॉक्स और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम जैसी सुविधाएं मौजूद हैं. ड्रेनेज सिस्टम इस तरह तैयार किया गया है कि बारिश के बाद मैदान को जल्द से जल्द खेल के लिए तैयार किया जा सके.
मुख्य मैच के लिए महाराष्ट्र की लाल मिट्टी से विशेष पिच तैयार की गई है. वहीं, प्रैक्टिस पिचों के लिए मोकामा की काली मिट्टी का इस्तेमाल किया गया है.
क्रिकेट के साथ कई दूसरे खेलों की भी सुविधा
राजगीर का यह पूरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं है. परिसर में हॉकी, एथलेटिक्स, स्विमिंग, शूटिंग, कबड्डी और कुश्ती समेत कई खेलों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित की गई हैं.
दिसंबर 2026 में हो सकता है पहला मैच
खेल विभाग ने स्टेडियम को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है. इसी के बाद राजगीर में दिसंबर 2026 में पहला क्रिकेट मैच आयोजित किए जाने की संभावना है.
बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह के अनुसार, राजगीर का यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स राज्य में खेलों के विकास के लिए महत्वपूर्ण है. यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच और खेल आयोजन होने से बिहार के खिलाड़ियों को अपने राज्य में ही बड़े स्तर पर खेलने और बेहतर सुविधाएं मिलने का मौका मिलेगा.
राजगीर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच आयोजित होने पर बिहार के क्रिकेट प्रेमियों को ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी, मुकेश कुमार और आकाशदीप जैसे खिलाड़ियों को अपने ही राज्य में खेलते देखने का मौका मिल सकता है.
स्टेडियम में बड़े खेल आयोजनों से बिहार में खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार के नए अवसर भी बन सकते हैं.





