Bihar Politics: तेजस्वी यादव ने कहा है कि वह जल्द ही पुलिस पुलिस के खिलाफ कोर्ट में मामला दर्ज कराएंगे और उसे पार्टी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में सामने आए कई मामलों में पुलिस ने सैकड़ों आम लोगों को पॉक्सो एक्ट का अभियुक्त बनाया है लेकिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को अभियुक्त क्यों नहीं बना रही है। सीएम ने नाबालिग बच्ची के परिजनों की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है। ऐसे में उन्हें भी पॉक्सो एक्ट का अभियुक्त बनाया जाना चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर होता है। गरीब हो, अमीर हो, नेता हो, अधिकारी हों, प्रधानमंत्री हों या मुख्यमंत्री हों कानून सभी के लिए एक समान है। जिस तरह से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पॉक्सो एक्ट की धज्जियां उड़ाई हैं, वह सभी लोगों ने देखा है। इनको तो कुछ ज्ञान है नहीं, ये सिर्फ नाम के मुख्यमंत्री हैं, किसी काम के नहीं हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि कानून का उल्लंघन करने पर बिहार पुलिस मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ऊपर तुरंत पॉक्सो एक्ट लगाए। जमुई में या और कहीं भी जो घटनाएं हुई हैं, पुलिस ने बड़ी संख्या में लोगों पर पॉक्सो एक्ट लगाया है। अगर मुख्यमंत्री पर पॉक्सो एक्ट नहीं लगाया जाएगा तो क्या मतलब रह जाएगा और पॉक्सो एक्ट को कौन मानेगा। कानून सभी के लिए बराबर है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री को पॉक्सो एक्ट के उल्लंघन में अभियुक्त नहीं बनाया जाता है तो बाकी लोगों को छोड़ दिया जाए। बाकी लोगों को क्यों अभियुक्त बनाया गया है। अगर बिहार पुलिस मुख्यमंत्री को पॉक्सो एक्ट का अभियुक्त नहीं बनाएगी तो हमलोग बिहार पुलिस के खिलाफ कोर्ट में जाएंगे, क्योंकि कानून सभी के लिए बराबर है।
तेजस्वी ने कहा कि मामले में कार्रवाई होनी चाहिए, वरना यह साबित होता है कि बिहार पुलिस पक्षपात कर रही है। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री भी कहते हैं कि कानून सभी के लिए है और कानून अपना काम करेगा। इनके ऊपर तो पहले से केस है, बिहार पुलिस क्या कर रही है?
उन्होंने कहा कि पूरे देश के लोगों ने देखा है कि किस तरह से सम्राट चौधरी ने पीड़ित बच्ची के परिजनों के साथ वाली तस्वीर उन्होंने सोशल मीडिया में जारी किया है। इसका सबूत भी मौजूद है और इसी के आधार पर और लोगों पर पुलिस पॉक्सो एक्ट लगा रही है तो मुख्यमंत्री को क्यों छोड़ा जा रहा है। अगर नहीं किया जाएगा तो हमलोग कोर्ट जाएंगे। कोर्ट में बिहार पुलिस को पार्टी बनाएंगे। इसलिए पुलिस की दोहरी नीति नहीं चलने वाली है। कानून सबके लिए बराबर है और कानून से बड़ा कोई नहीं है।
वहीं तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी गिरफ्तारी नहीं होती है तो आंदोलन तेज होगा। तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि अभी तो मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ शुरुआत हुई है। इनके खिलाफ लगातार लड़ाई अब सड़क पर जारी रहेगी। जब तक उनका इस्तीफा नहीं हो जाता तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना





