Tej Pratap Yadav: लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। अपने बेबाक अंदाज और बयानों के लिए सोशल मीडिया पर लोकप्रिय तेज प्रताप का एक नया वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है।
इस वायरल वीडियो में तेज प्रताप यादव बाबा बागेश्वर धाम के नाम से मशहूर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मोबाइल वीडियो कॉल पर बातचीत करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि फर्स्ट बिहार डॉट कॉम नहीं करता है।
वायरल वीडियो में तेज प्रताप यादव हाथ में मोबाइल लेकर बातचीत करते दिखते हैं। बातचीत के दौरान वे कहते हैं, “बाबा, मेरा राजनीतिक देख लीजिएगा।” इस पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जवाब देते हैं कि “हां, बिल्कुल पक्का, हम और आप बैठेंगे जब आप यहां आएंगे।” इसके बाद तेज प्रताप यादव कहते हैं, “जी, साथ बैठेंगे।”
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह वीडियो कब का है। सोशल मीडिया पर इसे तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि तेज प्रताप यादव अब बाबा बागेश्वर धाम की शरण में हैं।
बता दें कि हाल ही में तेज प्रताप यादव ने जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर से मुलाकात का वीडियो भी साझा किया था, जो काफी चर्चा में रहा था। इस वीडियो में दोनों नेता गर्मजोशी से हाथ मिलाते नजर आए थे। 21 अप्रैल को साझा किए गए इस वीडियो के साथ तेज प्रताप यादव ने लिखा था कि उनकी मुलाकात राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रही, जिसमें जनहित, भविष्य की राजनीति और बदलते राजनीतिक समीकरणों पर विस्तार से चर्चा हुई।
