DESK: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति 52 साल के हो चुके हैं, लेकिन उनकी फिटनेस देखकर उनकी उम्र का अंदाजा लगाना मुश्किल है। व्यस्त राजनीतिक कार्यक्रमों के बावजूद सीएम विजय अपनी फिटनेस और डाइट को लेकर काफी अनुशासित रहते हैं। वह नियमित रूप से वॉक और वर्कआउट करते हैं और अपनी डाइट का भी खास ध्यान रखते हैं।
विजय के साथ काम कर चुके फिटनेस ट्रेनर नरेश ने बताया कि सीएम विजय थलापति अपने फिटनेस रूटीन को लेकर काफी सख्त हैं और रोजाना अपने तय शेड्यूल का पालन करते हैं। उनके रूटीन में आमतौर पर ज्यादा बदलाव नहीं होता है।
सुबह 6 बजे तक उठने की आदत
सीएम विजय सुबह करीब 6 बजे तक उठ जाते हैं। उनका शेड्यूल काफी व्यस्त रहता है और कई बार देर रात तक काम करना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद वो सुबह में समय से उठ जाते हैं। जिसके बाद वह अपने दिन के जरूरी काम देखते हैं।
रोजाना वॉक करना पसंद
सीएम विजय का यह मानना है कि फिट रहने के लिए शरीर को एक्टिव रखना जरूरी है। इसलिए वह छोटी दूरी के लिए कई बार गाड़ी के बजाय पैदल चलना पसंद करते हैं। सुबह की वॉक के अलावे वह दिनभर भी अपने स्तर पर एक्टिव रहने की कोशिश करते हैं।
एक घंटे का वर्कआउट
सीएम विजय ने अपने व्यस्त शेड्यूल में वर्कआउट के लिए भी समय तय कर रखा है। वह रोजाना करीब एक घंटे जिम में समय बिताते हैं। उनके वर्कआउट में वेट लिफ्टिंग, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और कार्डियो शामिल हैं। ट्रेडमिल रनिंग भी उनके एक्सरसाइज रूटीन का हिस्सा है।
डाइट में ये चीजें रहती हैं शामिल
सीएम विजय सुबह करीब 9 बजे नाश्ता करते हैं। उनके ब्रेकफास्ट में आमतौर पर दो इडली और अंडे शामिल होते हैं। इसके अलावा वह पीनट बटर या नारियल पानी भी लेते हैं।
दोपहर का खाना वह करीब 1 बजे खाते हैं। इसमें फल, सब्जियां, दाल, चावल और चिकन जैसी चीजें शामिल होती हैं। स्नैक्स में जूस और फल लेना पसंद करते हैं। वहीं, रात का खाना करीब 7:30 बजे तक कर लेते हैं और डिनर को हल्का रखते हैं। इसमें सलाद और सूप जैसी चीजें शामिल होती हैं।
बाहर का खाना पसंद नहीं, साथ रखते हैं टिफिन
विजय की डाइट को लेकर सबसे खास बात यह है कि वह अपने खाने को लेकर काफी सतर्क रहते हैं। वह अक्सर अपना खाना टिफिन में लेकर चलते हैं। यहां तक कि रैली या अन्य कार्यक्रमों में जाते समय भी घर का खाना टिफिन में रहता है। वह बाहर का खाना खाने से बचते हैं।
मटन बिरयानी और सक्कराई पोंगल पसंद
मुख्यमंत्री विजय थलापति को नॉनवेज खाना पसंद है, लेकिन वह इसे सीमित मात्रा में ही खाते हैं। मटन बिरयानी उनकी पसंदीदा डिश में शामिल है। वहीं, मीठे में उन्हें अपनी मां के हाथ की बनी सक्कराई पोंगल पसंद है। हालांकि, वह इन चीजों का सेवन कभी-कभार ही करते हैं।
विजय की फिटनेस का सबसे बड़ा हिस्सा उनका नियमित रूटीन और अनुशासन बताया जाता है। व्यस्त शेड्यूल के बावजूद वॉक, वर्कआउट और संतुलित डाइट को अपनी दिनचर्या में बनाए रखना उनकी फिटनेस रूटीन की खासियत है।





