Bihar Politics: बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर के बीच बने नीतीश सेतु के लोकार्पण के बाद पुल के नामकरण और निर्माण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की ओर से सरकार पर लगातार सवाल उठाए जाने के बाद जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने पलटवार किया है। उन्होंने तेजस्वी यादव के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब उनकी पार्टी 15 साल तक सत्ता में रही, तब इस तरह का पुल क्यों नहीं बनवाया गया?
रविवार को पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजय झा ने कहा कि नीतीश सेतु की परिकल्पना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की थी। उन्होंने बताया कि गांधी सेतु पर हमेशा जाम की समस्या बनी रहती थी। इससे लोगों को राहत देने के लिए एक और पुल बनाने की जरूरत महसूस हुई। उस समय इतने बड़े पुल के निर्माण की कल्पना करना भी बड़ी बात थी।
संजय झा ने कहा कि आज नीतीश सेतु के निर्माण से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन और कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। पहले लोगों को नदी पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन अब ऐसी स्थिति नहीं है। उन्होंने तेजस्वी यादव को चुनौती देते हुए कहा कि वे अपने कार्यकाल में बनवाए गए किसी एक पुल का उदाहरण दें।
पुल के नामकरण को लेकर तेजस्वी यादव की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर संजय झा ने कहा कि केवल किसी नेता के कहने से नामकरण का फैसला नहीं होगा। इस संबंध में सरकार निर्णय लेगी। उन्होंने तेजस्वी यादव को अपनी पार्टी की चिंता करने की सलाह भी दी।
संजय झा ने दावा किया कि नीतीश सेतु नाम ने बिहार के 13 करोड़ लोगों के मन को छुआ है। उन्होंने नीतीश कुमार के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्होंने मुख्यमंत्री पद संभाला था, तब बिहार में सड़कों और पुलों की स्थिति कैसी थी और उनके कार्यकाल में कितना निर्माण हुआ, इसकी तुलना होनी चाहिए। उन्होंने राज्य में बिजली के क्षेत्र में हुए बदलाव का भी उल्लेख किया।
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि तेजस्वी यादव अपनी सरकार के 15 वर्षों के कामकाज की चर्चा क्यों नहीं करते और यह क्यों नहीं बताते कि उस दौरान उन्होंने क्या काम किया?
वहीं, सुशासन दिवस मनाने के सवाल पर संजय झा ने 24 नवंबर 2005 की तारीख का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश को आजादी 1947 में मिली थी, लेकिन बिहार को गरीबी और असुविधाओं से आजादी 24 नवंबर 2005 को मिली, जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने। संजय झा ने इस तारीख को बिहार में बदलाव की शुरुआत बताते हुए नीतीश कुमार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को गिनाया।





