Bihar Politics: जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की ओर से मंगलवार को मुजफ्फरपुर के एमपीएस साइंस कॉलेज के मैदान में सुशासन दिवस मनाया गया। बिहार की राजनीति और सरकार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में 21 वर्षों के सफर को याद करते हुए आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने घोषणा की कि पार्टी अब हर साल 24 नवंबर को सुशासन दिवस मनाएगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ महेश प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान ललन सिंह ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद बिहार में बदलाव की शुरुआत हुई। उस समय राज्य की स्थिति काफी खराब थी। पूरे बिहार में अंधकार था। यह केवल बिजली की कमी नहीं, बल्कि लोगों के जीवन और मन में छाई निराशा का भी प्रतीक था।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने सत्ता संभालने के बाद ध्वस्त आधारभूत संरचना को दुरुस्त करने की चुनौती स्वीकार की। सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में लगातार काम किया गया। उनके नेतृत्व में बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ और राज्य विकास की दिशा में आगे बढ़ा।
ललन सिंह ने दावा किया कि नीतीश कुमार के शासनकाल में बिहार ने विकास के कई मानक स्थापित किए हैं। इस वर्ष राज्य की विकास दर करीब 13 प्रतिशत रहने की बात कहते हुए उन्होंने इसे राष्ट्रीय औसत से बेहतर बताया। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों को याद रखने और सुशासन के संकल्प को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जेडीयू प्रत्येक वर्ष 24 नवंबर को सुशासन दिवस के रूप में मनाएगी।
मीडिया से बातचीत के दौरान नित्यानंद राय को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा पर सवाल पूछा गया। इस पर ललन सिंह ने टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार राजनीतिक सवाल पूछने के लिए आए हैं, जबकि उन्हें सुशासन दिवस के बारे में सवाल करना चाहिए।





