भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। नई कमिटी में संगठन को मजबूत करने और अलग-अलग राज्यों में पार्टी के विस्तार को गति देने के लिए कई नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। नितिन नवीन की नई टीम में बिहार के तीन नेताओं को भी अहम जिम्मेदारी मिली है। नई राष्ट्रीय कमिटी में 13 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री, एक संगठन महामंत्री, दो सह-संगठन महामंत्री और 16 राष्ट्रीय मंत्री समेत कई पदाधिकारियों को शामिल किया गया है।
नई टीम के गठन के साथ भाजपा ने संगठन में क्षेत्रीय संतुलन और अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को जगह देने की कोशिश की है। राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारियां मिलने से बिहार के नेताओं की पार्टी संगठन में भूमिका और प्रभाव और बढ़ गया है भाजपा की नई राष्ट्रीय कमिटी में बिहार को भी अहम प्रतिनिधित्व मिला है। सिद्धार्थ शंभू को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। वहीं बिहार के शिवेश कुमार राम को sc मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा त्रितुराज सिन्हा को प्रकोष्ठ संकुल का सह संयोजक बनाया गया है।
बीजेपी की नई टीम में कुल 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें राजस्थान की वसुंधरा राजे सिंधिया, उत्तराखंड के तीरथ सिंह रावत, दिल्ली के राम माधव, ओडिशा के बैजयंत जय पांडा, आंध्र प्रदेश की डी. पुरंदेश्वरी, उत्तर प्रदेश की रेखा वर्मा, गुजरात की वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, महाराष्ट्र की डॉ. भारती प्रवीण पवार, पंजाब के सरदार मनप्रीत सिंह बादल, मध्य प्रदेश के लाल सिंह आर्य, कर्नाटक के प्रो. एम. नागराज, उत्तर प्रदेश के प्रो. तारिक मंसूर और पश्चिम बंगाल की डॉ. मधुचंदा कर शामिल हैं।इन नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने राष्ट्रीय संगठन में अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की है। खास तौर पर उत्तर, पश्चिम, दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों से नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दी गई है।
बीएल संतोष को संगठन में अहम जिम्मेदारी
बी.एल. संतोष को फिर से राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। वहीं शिवप्रकाश को मुंबई और सौदान सिंह को चंडीगढ़ से राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है।संगठन से जुड़े ये पद बीजेपी के भीतर महत्वपूर्ण माने जाते हैं, क्योंकि इनकी भूमिका पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और राज्यों के बीच समन्वय में अहम होती है।
आठ नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी
नई टीम में आठ नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। इनमें महाराष्ट्र के विनोद तावड़े, दिल्ली के सुनील बंसल, त्रिपुरा के विप्लब कुमार देव, उत्तर प्रदेश की स्मृति ईरानी, राजस्थान के डॉ. सतीश पूनिया, मध्य प्रदेश के गजेंद्र पटेल, उत्तर प्रदेश के हरीश द्विवेदी और हरियाणा के संजय भाटिया शामिल हैं। राष्ट्रीय महामंत्री के पद पार्टी के केंद्रीय संगठन में बेहद महत्वपूर्ण होते हैं और इन नेताओं की भूमिका संगठन विस्तार, राज्यों के साथ समन्वय और विभिन्न राजनीतिक-संगठनात्मक गतिविधियों में रहती है।
बिहार के सिद्धार्थ शंभू बने राष्ट्रीय मंत्री
बिहार के लिए नई नियुक्तियों में सबसे प्रमुख नाम सिद्धार्थ शंभू का है। उन्हें बीजेपी का राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय मंत्री के तौर पर अब वे पार्टी के केंद्रीय संगठन में काम करेंगे। बिहार से किसी नेता को राष्ट्रीय संगठन में इस स्तर की जिम्मेदारी मिलना राज्य के पार्टी संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, प्रेस विज्ञप्ति में उनकी नई जिम्मेदारी से जुड़ा विस्तृत कार्यक्षेत्र या विशेष प्रभार अलग से नहीं बताया गया है।
पीयूष गोयल राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष
महाराष्ट्र के पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि राजस्थान के राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है।इसके साथ ही पंजाब के तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और उत्तराखंड के महेंद्र भट्ट को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
नॉर्थ ईस्ट से लेकर मीडिया और सोशल मीडिया तक नई जिम्मेदारियां
बीजेपी ने संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों और क्षेत्रों के लिए भी नई नियुक्तियां की हैं। ओडिशा के डॉ. संबित पात्रा को नॉर्थ ईस्ट संयोजक और दिल्ली के राजीव बब्बर को नॉर्थ ईस्ट सह-संयोजक बनाया गया है।प्रकोष्ठ संकुल के संयोजक की जिम्मेदारी मध्य प्रदेश के विष्णु दत्त शर्मा को दी गई है। बिहार के ऋतुराज सिन्हा और आंध्र प्रदेश के विष्णु वर्धन रेड्डी को प्रकोष्ठ संकुल का सह-संयोजक बनाया गया है।
मोर्चों की कमान भी तय
बीजेपी ने अलग-अलग सामाजिक समूहों और संगठनों से जुड़े मोर्चों के लिए भी राष्ट्रीय अध्यक्षों की नियुक्ति की है। गुजरात के डॉ. हेमांग जोशी को युवा मोर्चा, छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा, उत्तर प्रदेश के अमरपाल मौर्य को ओबीसी मोर्चा, मध्य प्रदेश के बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा और बिहार के शिवेश कुमार राम को एससी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। राजस्थान के डॉ. मन्नालाल रावत को एसटी मोर्चा और उत्तर प्रदेश के कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस सूची में बिहार के शिवेश कुमार राम की नियुक्ति विशेष रूप से उल्लेखनीय है। उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर एससी मोर्चे की जिम्मेदारी दी गई है।
मीडिया और सोशल मीडिया टीम में भी बदलाव
बीजेपी ने अपनी मीडिया और सोशल मीडिया टीम में भी नई नियुक्तियां की हैं। उत्तराखंड के अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक बनाया गया है। वहीं मध्य प्रदेश के आशीष उपाध्याय, दिल्ली के प्रदीप भंडारी और दिल्ली के सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है। सोशल मीडिया सह-संयोजक के तौर पर महाराष्ट्र की प्रीति गांधी, दिल्ली के शिवानंद द्विवेदी, उत्तराखंड के आलोक भट्ट और हरियाणा के अरुण यादव को जिम्मेदारी दी गई है।
तत्काल प्रभाव से लागू होंगी नियुक्तियां
बीजेपी केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा की गई ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। नई टीम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, कोषाध्यक्ष, कार्यालय प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष, मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े पदों पर व्यापक स्तर पर जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
कुल मिलाकर, बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में विभिन्न राज्यों को प्रतिनिधित्व देने के साथ संगठन के अलग-अलग विंग के लिए जिम्मेदारियां तय की गई हैं। बिहार से सिद्धार्थ शंभू को राष्ट्रीय मंत्री, शिवेश कुमार राम को एससी मोर्चा अध्यक्ष और ऋतुराज सिन्हा को प्रकोष्ठ संकुल सह-संयोजक बनाए जाने से राज्य की मौजूदगी पार्टी के केंद्रीय संगठन में मजबूत हुई है।





