PATNA: पटना स्नातक क्षेत्र से हो रहे बिहार विधान परिषद चुनाव की काउंटिंग में रात भर जोरदार ड्रामा होता रहा. रात के करीब दो बजे जेडीयू के उम्मीदवार नीरज कुमार काउंटिंग सेंटर पहुंच गये. मंगलवार की सुबह मतगणना शुरू होने के बाद से ही नीरज कुमार वहां नहीं पहुंचे थे. वे सीधे रात के दो बजे मतगणना केंद्र पहुंचे और फिर काउंटिंग का नया समीकरण सामने आया.
दरअसल, पटना स्नातक क्षेत्र की काउंटिंग शुरू होने के बाद से ही ये खबर आ रही थी कि मौजूदा विधान पार्षद और जेडीयू कैंडिडेट नीरज कुमार पीछे चल रहे हैं. मतगणना के पांच राउंड तक आरजेडी के उम्मीदवार दिलीप कुमार के आगे होने की खबर आ रही थी. लेकिन 6ठे राउंड में माहौल बदल गया.
नीरज बोले-हम जीत रहे हैं
रात के करीब दो बजे काउंटिंग सेंटर पहुंचे नीरज कुमार ने मीडिया ने सवाल किया कि उनके पीछे होने की खबरें सामने आ रही हैं. नीरज कुमार ने कहा कि पता नहीं कौन ये खबर फैला रहा है. नीरज कुमार ने कहा-मुझे तो पता है कि छठे राउंड की मतगणना के बाद मैं आगे चल रहा हूं. पता नहीं कौन कह रहा है कि मैं पीछे हूं. मेरे काउंटिंग एजेंट ने तो जानकारी दी है कि मैं आगे चल रहा हूं. नीरज कुमार ने कहा कि छठे राउंड की गिनती के बाद वे 89 वोट से आगे हैं.
पत्रकारों ने पूछा कि रिजल्ट को लेकर उन्हें क्या उम्मीद है तो नीरज का जवाब आया-मैं चुनाव जीत रहा हूं. उनसे सवाल पूछा गया कि वे पूरे दिन काउंटिंग सेंटर से दूर क्यों रहे तो जवाब आय़ा कि विधान परिषद की काउंटिंग काफी देर तक चलती है. इसलिए जब फाइनल स्टेज करीब आया है तो मैं यहां पहुंचा हूं. हालांकि नीरज कुमार कुछ देर बाद ही काउंटिंग सेंटर से निकल कर घर की ओर रवाना हो गये.
वैसे देर रात काउंटिंग सेंटर का नजारा भी बदल गया था. कुछ समय पहले तक जश्न के मूड में दिख रहे आऱजेडी समर्थकों में चिंता झलकने लगी थी. वहीं, जेडीयू के समर्थक जोश में आ गये थे.





