Bihar MLC Election 2026: बिहार में विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। जन सुराज ने अपने बाकी बचे तीन और उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। इनमें से एक नाम चौंकाने वाला है।
जन सुराज ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से डॉ. विमोहन कुमार और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भूषण झा को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने इससे पहले 20 सितंबर को पांच सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की थी।
जन सुराज की ओर से स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना से डॉ. अनुज सिंह, तिरहुत से डॉ. विमोहन कुमार, दरभंगा से रवींद्र यादव और कोसी से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना से डॉ. दिव्या ज्योति, दरभंगा से एसपी राय, तिरहुत से भूषण झा और सारण से अफाक अहमद चुनाव मैदान में हैं।
जन सुराज ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जिस डॉ. अनुज सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है, मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने उन्हें समर्थन करने का पहले ही ऐलान कर दिया है। अनंत सिंह के इस ऐलान के बाद जेडीयू में हड़कंप मचा है। अनंत सिंह ने खुला एलान किया है कि वह जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार को किसी हाल में चुनाव जीतने नहीं देंगे।
मोकामा विधायक अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच छिड़ी सियासी जंग को खत्म कराने के लिए मुंगेर के जेडीयू सांसद ललन सिंह ने मोर्चा संभाला लेकिन अनंत सिंह किसी हाल में मानने को तैयार नहीं हैं। बता दें कि बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों के लिए 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। इन सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।





