1st Bihar Published by: SANT SAROJ Updated Aug 06, 2021, 3:33:40 PM
- फ़ोटो
SUPAUL: इस वक्त की बड़ी खबर सुपौल जिले से आ रही है जहां दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। घटना किशनपुर थाना क्षेत्र के अगुआर गांव की है। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतरकर जमकर हंगामा मचाया और मुख्य सड़क को जाम कर दिया। जिससे यातायात बुरी तरह से बाधित हो गया है। आक्रोशित लोगों ने इस दौरान जबरन दुकानों को भी बंद कराया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को शांत कराने में जुटी है। इस घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है। जिसे लेकर भारी संख्या में पुलिस की टीम को तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है वही आक्रोशित लोग हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।
सुपौल के किशनपुर थाना क्षेत्र में बात-बात में दोस्त ने दोस्त को गोली मारकर हत्या कर दी। करहैया पंचायत के अगुआर गांव में दोस्त ने दोस्त को गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि अगुआर गांव में वार्ड नंबर तीन निवासी बहादुर साह के 20 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार साह औऱ गांव के ही हीरा कुमार झा उर्फ बन्ना झा एक साथ आम के बगीचे मे अन्य साथी के साथ बैठा था।
किसी बात को लेकर बन्ना झा ने सोनू के बांए कनपट्टी में गोली मार दी। जिससे सोनू ने घायल होकर वहीं जमीन पर गिर गया। इधर गोली की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण जैसे ही वहां पहुंचे और सोनू को खून से लथपथ देख आनन-फानन में पीएचसी ले गये। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान घटना से आक्रोशित लोगों ने एनएच-327ई को गोल चौक के पास जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
घटना की जानकरी मिलते ही थानाध्यक्ष सुमन कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि आपसी विवाद में एक दोस्त ने दूसरे दोस्त के सिर मे गोली मारकर हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।