1st Bihar Published by: Updated Jun 07, 2022, 1:17:30 PM
- फ़ोटो
GAYA: बिहार के गया एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। यहां एक युवक ट्रेन के इंजन के नीचे बहुत पतली जगह पर बैठ गया और ट्रेन चलने लगी। दूरी तय करते-करते वह गया जंक्शन पहुंच गया। बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस ट्रेन जब गया जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रुकी तो वहां की तस्वीर देखकर लोको पायलट भी चौंक गए। इंजन के नीचे से युवक आवाज लगा रहा था। लोको पायलट ने नीचे झांककर देखा तो युवक इंजन के नीचे बैठा हुआ था।
मामला सोमवार का है। दरअसल बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस राजगीर से चलकर सोमवार सुबह 4 बजे गया जंक्शन पहुंची। इसी दौरान इंजन के नीचे से किसी ने आवाज़ लगाई, जिसके बाद लोको पायलट ने RPF और अन्य यात्रियों की मदद से उसे बाहर निकाला।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हैरानी की बात है कि युवक इंजन के नीचे इतनी पतली जगह पर घुसकर बैठ गया, जहां दूसरे लोगों का घुस पाना मुश्किल है। हैरानी की बात ये भी है कि युवक को कोई नुक्सान नहीं हुआ। हालांकि बाहर निकालने के बाद ही वह लापता हो गया। उसे खोजने की कोशिश भी की गई, लेकिन वह नहीं मिल पाया।