तमिलनाडु मामले पर बोले एडीजी, वहां की पुलिस ने फिर एक मैसेज भेजा, हालात की दी जानकारी

तमिलनाडु मामले पर बोले एडीजी, वहां की पुलिस ने फिर एक मैसेज भेजा, हालात की दी जानकारी

PATNA: बिहार के मजदूर और हिन्दी भाषियों पर हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में एडीजी जितेन्द्र सिंह गंगवार ने यह बताया है कि बिहार पुलिस लगातार तमिलनाडु पुलिस के संपर्क में है। जहां कही से भी सूचना आ रही है उसका सत्यापन किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आया है उस पर तमिलनाडु के डीजीपी ने स्पष्ट कर दिया है कि यह फेक वीडियो है। तमिलनाडु पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। सभी नागरिकों की सुरक्षा खासकर हिन्दी भाषियों की सुरक्षा का भरोसा तमिलनाडु पुलिस ने दिया है। बिहार एडीजी लॉ एन्ड ऑर्डर वहां के एडीजी लॉ एन्ड ऑर्डर से लगातार टच में है। आवश्यक कदम उठाई जा रही है। कही से भी कोई दिक्कत की बात आएगी हमलोग उसका समाधान निकालेंगे। तमिलनाडु पुलिस ने फिर से एक मैसेज भेजा है और वहां कि स्थितियों को स्पष्ट किया है। 


पटना के पत्रकार नगर थाना इलाके से गायब NMCH के डॉक्टर संजय कुमार का अब तक पता नहीं चल पाया है। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई थी। डॉ. संजय कुमार के मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने उनकी कार को गांधी सेतु से बरामद किया था। पुलिस ने आशंका जतायी थी कि कुछ तनाव का वातावरण था। ADG जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। फिलहाल जहां से डॉक्टर की कार बरामद की गयी है। वहां महात्मा गांधी सेतु के पास गंगा नदी में NDRF और SDRF की मदद से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस हरेक बिन्दुओं की जांच कर रही है इलाके में लगे सीसीटीवी को भी खंगाला जा रहा है। 


ADG जितेंद्र सिंह गंगवार ने आज कई कांडों के उद्भेदन किये जाने की जानकारी मीडिया को दी। इस दौरान उन्होंने एनएमसीएच के डॉक्टर संजय कुमार के लापता होने के संबंध में कहा कि उनकी पत्नी ने मामले में केस दर्ज कराया गया। जिसके बाद पुलिस ने त्वरीत कार्रवाई करते हुए गांधी सेतु से डॉक्टर संजय कुमार की कार को लावारिस हालत में बरामद किया। कार लॉक था जिसके बाद उनके घर से कार की दूसरी चाबी मंगवाई गयी। जब कार को खोला गया तब अंदर में रखे दो मोबाइल और चश्मे को बरामद किया गया। एडीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने डॉक्टर के अपहरण और फिरौती की बात से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि अभी इस तरह की बातें सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस घटना के सभी बिन्दुओं की जांच कर रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है। मोबाइल से किन-किन लोगों से बातचीत हुई इस बात का भी पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसा लगता है कि कुछ तनाव का वातावरण था लेकिन अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। 


वही एडीजी जितेन्द्र सिंह गंगवार ने कई अन्य मामलों का भी खुलासा होने जानकारी दी। गुलजारबाग में लूट की घटना पर उन्होंने कहा कि गुलजारबाग रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की गति धीमी होने पर यात्रियों के साथ लूटपाट करने वाले गिरोह का उद्भेदन किया गया है। मामले का सरगना संजय साह को दो अपराधियों के साथ गिरफ्तार किया गया है। संजय साह आलमगंज का रहने वाला है जो 6 कांडों में वांछित रहा है। वही छोटू महतो और राहुल राम मेहंदीगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला है। इन सभी के पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा तीन गोली, कान का टॉप, नथिया और मोबाइल बरामद किया गया है।


वही सारण के पानापुर में सात अपराधियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है। एडीजी जितेन्द्र सिंह गंगवार ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि ये अपराधी लूट की योजना बना रहे थे। एक मार्च को मध्य विद्यालय बसंत पुर के आस-पास इनके होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सभी अपराधी की वारदात को अंजाम देने वाले थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरीत कार्रवाई करते हुए मौके से सात अपराधियों को चार देसी कट्टा और आठ जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। सभी को जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ के क्रम में इन अपराधियों ने बताया था कि पानापुर में सीएसपी संचालक से दो लाख रुपये की जो लूट हुई थी उसमें इन लोगों का ही हाथ था। इनके पास से 73 हजार कैश, सोने के चेन और अंगुठी बरामद किया गया है। 


वहीं लखीसराय पुलिस ने ज्वेलरी शॉप में हुई घटना का भी खुलासा किया है। एडीजी जितेन्द्र सिंह गंगवार ने बताया कि उत्तर प्रदेश के  शाहजहांपुर से पुलिस ने दस अपराधियों को गिरफ्तार किया है। 16 फरवरी को चानन थाना क्षेत्र के मननपुर बाजार स्थित मणिप्रभा ज्वेलर्स में दस से 12 की संख्या में अपराधी अचानक घुसे थे और चांदी और सोना लूटकर फरार हो गये थे। इस मामले में उत्तर प्रदेश के पंखिया गिरोह का हाथ था। बिहार पुलिस की विशेष टीम ने शाहजहां जिले में छापेमारी कर दस अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से शटर और लॉकर तोड़ने के उपकरण मिले हैं। इन्होंने सारे गहने बेच डाले थे जिसके कारण किसी तरह का जेवरात बरामद नहीं हुआ लेकिन दो लाख 71 हजार रुपये इनके पास से बरामद हुआ है। 16 फरवरी की इस घटना के बाद 20 फरवरी की रात में जमुई जिले के चंद्रदीप थाना क्षेत्र के अलीगंज में भी लूट की घटना हुई थी। अपराधियों ने गहना मुजफ्फरपुर में बेच डाला था। इस मामले में भी कार्रवाई की जा रही है। अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। 


होली को लेकर पुलिस मुख्यालय ने तैयारी पूरी कर ली है। होली को शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाने को लेकर पुलिस मुख्यालय ने कई आवश्यक निर्देश जारी किया हैं। शांति समिति की बैठक की जा रही है। जिला स्तर से विस्तृत पुलिस बल दंडाधिकारी, क्यूआरटी मेडिकल दल, अग्निशमन दल की प्रतिनियुक्ति की गयी है। होली के अवसर पर कुछ असावधानी के चलते आग लगने की घटनाएं होती है इसलिए फायर बिग्रेड दल की प्रतिनियुक्ति की गयी है। वही विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए अर्धसैनिक बल, लाठी बल, करीब 2500 से ज्यादा होमगार्ड को लगाए गये हैं। पुलिस कर्मियों की छूट्टी पर मुख्यालय ने रोक लगाई है। होली में महिला पुलिसकर्मियों की भी प्रतिनियुक्त की गयी है। एडीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर हम एक अपील जारी कर रहे हैं कि महिलाओं को सम्मान करें किसी तरह की फुहड़ और अश्लील टिप्पणियां अनुचित है। होलिका दहन पारंपरिक तरीके से मनाए लेकिन उसमे अश्लीलता नहीं हो। विवादित स्थलों पर होलिका दहन ना करे। इस तरह बहुत सारी बाते सोशल मीडिया पर जारी की जा रही है। होली में अश्लील गाना बजाने पर रोक लगायी गयी है।