जहानाबाद में पकड़उवा विवाह, नाबालिग लड़का रोता-चिल्‍लाता रहा और लड़की वालों ने करा दी शादी

1st Bihar Published by: Updated Dec 14, 2020, 11:52:02 AM

जहानाबाद में पकड़उवा विवाह, नाबालिग लड़का रोता-चिल्‍लाता रहा और लड़की वालों ने करा दी शादी

- फ़ोटो

JEHANABAD : बिहार के जहानाबाद में जबरिया विवाह का एक मामला सामने आया है. जहां नाबालिग लड़के का हथियार के बल पर अपहरण कर लिया गया और सिर्फ 10 मिनट में उसकी शादी करा दी गई.  जिसके बाद पीड़‍ित छात्र ने थाने में मामला दर्ज कराया है. 

मामला जहानाबाद के नगर थाना इलाके के बस स्टैंड की है. बताया जाता है कि जहानाबाद के आदर्श कॉलोनी का रहने वाला रविरंजन 11 दिसंबर की शाम भाभी सुनैना देवी और उनकी बहन मंजू देवी के बुलावे पर काको थाना इलाके के देवरत गांव जाने के लिए निकला था. लड़के ने बताया कि भाभी ने फोन कर बुलाया था, इसी दौरान बीच रास्ते में  बस स्टैंड के पास पहले से घात लगाये पांच लोगों ने लाल रंग के चार पहिया गाड़ी में जबरन बिठा ली और मोबाइल छीन लिया.

उसके बाद रविरंजन को गाड़ी में बिठाकर मदारपुर ले गए और जबर्दस्ती शादी करा दी. नाबालिग लड़का रोता रहा- चिल्लाता रहा पर उसका किसी ने एक न सुनी. आनन-फानन में सभी ने लड़के की शादी करा दी. रविरंजन ने पुलिस को बताया कि 12 दिसंबर को लड़की वालों ने उसका मोबाइल वापस किया तो उसने परिजनों को उसकी सूचना दी, जिसके बाद परिजन उसे छुड़ाकर घर ले गए. उसने पुलिस को बताया कि वह नाबालिग है और उसकी शादी जबरन कराई गई है.