1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 14, 2026, 2:26:38 PM
- फ़ोटो
BSEB Bihar Board 10th 12th Result 2026: जैसे-जैसे बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट और मैट्रिक रिजल्ट 2026 की तारीख करीब आ रही है, वैसे-वैसे छात्रों का तनाव बढ़ रहा है। इस स्थिति का गलत फायदा उठाते हुए कुछ जालसाज छात्रों को झांसा देकर पैसे ऐंठने लगे हैं।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। माना जा रहा है कि इंटर रिजल्ट 25 मार्च 2026 तक और मैट्रिक रिजल्ट 31 मार्च तक घोषित किए जा सकते हैं। रिजल्ट की इस घड़ी में छात्र और उनके अभिभावक काफी तनाव में हैं, और यही तनाव जालसाजों के लिए मौका बन गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, 12 मार्च 2026 को एक इंटरनेट यूजर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बताया कि उसके भाई, जो 12वीं का छात्र है, को बार-बार फर्जी कॉल आ रहे थे। कॉल करने वाले ने दावा किया कि वह आने वाले रिजल्ट में अंक बढ़वा देगा, और इसके लिए उसने 3,000 से 5,000 रुपये की मांग की।
यूजर ने बताया कि कॉल करने वाला उसके भाई की पढ़ाई और निजी जानकारियों से पूरी तरह वाकिफ था, जो बहुत चौंकाने वाली बात थी। केवल उनके भाई ही नहीं, बल्कि 12वीं के कई अन्य छात्रों को भी उसी नंबर से ऐसे कॉल आ रहे हैं, जिसमें पैसे देने पर रिजल्ट में बेहतर अंक देने की बात कही जा रही थी।
औरंगाबाद में कई मामले सामने आए
औरंगाबाद जिले के अंबा क्षेत्र में भी ऐसे कई मामले सामने आए। कॉल करने वाले खुद को बिहार बोर्ड का कर्मचारी बताकर छात्रों को पास कराने या बेहतर डिवीजन दिलाने के नाम पर पैसे मांग रहे थे। अंबा स्थित महिला कॉलेज की छात्रा पिंकी कुमारी ने बताया कि कॉल करने वाले ने खुद को बोर्ड का अधिकारी बताया और कहा कि उसके एक विषय में क्रॉस लग गया है, जिसे ठीक करने के लिए पैसे देने होंगे।
इसी महाविद्यालय की छात्रा काजल कुमारी को भी इसी तरह का कॉल आया। कॉल करने वाले ने उससे पैसे मांगने की कोशिश की। छात्रा निशा कुमारी को भी डिवीजन बढ़ाने के नाम पर रुपए देने का दबाव बनाया गया।
छात्र-छात्राएं ऐसे कॉल के बाद अपने अभिभावकों और शिक्षकों से मदद मांग रही हैं। इससे उनमें दुविधा और चिंता की स्थिति बन रही है। महिला कॉलेज के प्राचार्य प्रो. दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि यह छात्रों को रिजल्ट के नाम पर भ्रमित कर पैसे ठगने की साजिश है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे किसी अज्ञात कॉल पर भरोसा न करें।
अधिकारियों की चेतावनी
माध्यमिक डीपीओ रवि रौशन ने स्पष्ट किया कि बिहार बोर्ड किसी छात्र को पास कराने या डिवीजन बढ़ाने के लिए कॉल नहीं करता। उन्होंने कहा कि ऐसे कॉल पूरी तरह फर्जी हैं और ठग गिरोह द्वारा छात्रों को निशाना बनाया जा रहा है। छात्रों और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे ऐसे कॉल से सावधान रहें और किसी भी स्थिति में पैसे न दें।
यदि किसी छात्र को ऐसे कॉल आते हैं, तो वह संबंधित नंबर के साथ साइबर सेल में शिकायत दर्ज करा सकता है। डीपीओ समग्र शिक्षा अभियान विकास कुमार डीएन ने बताया कि परीक्षा के बाद इस तरह की फर्जी कॉल की शिकायत हर साल आती है। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से कहा कि घबराएं नहीं और तुरंत इसकी जानकारी शिक्षा विभाग या साइबर थाने को दें।
बिहार बोर्ड 10वीं और 12वीं रिजल्ट कैसे चेक करें
स्टेप 1: सबसे पहले biharboardonline.bihar.gov.in पर जाएं।
स्टेप 2: मैट्रिक रिजल्ट 2026 या इंटर रिजल्ट 2026 लिंक पर क्लिक करें।
स्टेप 3: अपना रोल कोड और रोल नंबर डालें। सब्मिट करने के बाद रिजल्ट स्क्रीन पर दिखेगा।
स्टेप 4: रिजल्ट डाउनलोड कर प्रिंट आउट ले लें।
इसके अलावा छात्र बिहार बोर्ड से जुड़ी सभी अपडेट के लिए biharboardonline.bihar.gov.in वेबसाइट देख सकते हैं।