Hindi News / news / सीतामढ़ी में रेल सेवा ठप, गोपालगंज में नदी में बहा पुल, बारिश से...

सीतामढ़ी में रेल सेवा ठप, गोपालगंज में नदी में बहा पुल, बारिश से कई जिलों में अलर्ट जारी

1st Bihar Published by: 7 Updated Jul 12, 2019, 11:22:52 AM

सीतामढ़ी में रेल सेवा ठप, गोपालगंज में नदी में बहा पुल, बारिश से कई जिलों में अलर्ट जारी

- फ़ोटो

DESK : तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश से कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त व्यस्त हो गया है. बरसात में कई शहरों की अमूमन हर गली और मोहल्ले में जलजमाव हो गया है. बिजली, परिवहन, ट्रेन और स्वास्थ्य सेवाओं में लोगों को परेशानियां हो रही हैं. मौसम विभाग ने गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, सीवान, सीतामढ़ी, दरभंगा और समस्तीपुर में अलर्ट जारी किया है. अगले तीन घंटे में यहां भारी बारिश के साथ-साथ वज्रपात होने की संभावना है. भीषण जलजमाव से राजधानी में भी लोगों को काफी परेशानी हो रही है. लगातार बारिश से कोसी और गंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया है. उधर अधवारा और बागमती नदी भी अपने उफान पर हैं. कोसी बराज से 1 लाख 77 हजार 820 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. जिसके कारण भी जलस्तर में वृद्धि हुई है. कई जिलों में बाढ़ का ख़तरा मंडरा रहा है. गोपालगंज में माधोपुर पथ पर बेलसंड गांव में निर्माणाधीन पुल नदी में बह गया है. जिसके कारण कई गांवों से संपर्क टूट गया है. मधुबनी में सोमवार तक सभी स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है. वहीं, गोपालगंज में भारी बारिश के कारण जयप्रकाश नारायण यूनिवर्सिटी में बीए पार्ट-1 की परीक्षा 12 और 13 जुलाई को स्थगित कर दी गई है. जानकारी मिली है कि सीतामढ़ी में ट्रेन सेवा ठप हो गई है. नदी के जलस्तर बढ़ जाने से अगले आदेश तक सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर एवं सीतामढ़ी-रक्सौल रेल मार्ग को बंद किया गया है.