1st Bihar Published by: SONU SHARMA Updated Jul 24, 2021, 2:02:17 PM
- फ़ोटो
MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक युवक को प्यार करना महंगा पड़ गया. उसे प्यार करने की कीमत अपनी जान से चुकानी पड़ी. दरअसल, युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था. दोनों आपस में बातचीत कर शादी करने की प्लानिंग कर रहे थे. लेकिन भगवान को कुछ और ही मंजूर था. अचानक प्रेमिका के घरवाले मौके पर पहुंच गए और उन्होंने प्रेमी जोड़े को रंगेहाथ पकड़ लिया. उसके बाद उन्होंने प्रेमी को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया. आनन फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना कांटी थाना क्षेत्र के रेपुरा रामपुर साह गांव की है. मृतक कांटी के एक कारोबारी मनीष कुमार का 22 वर्षीय बेटा सौरभ कुमार बताया जा रहा है. परिजनों ने बताया कि सौरभ सोनबरसा गांव की एक लड़की से प्रेम करता था. उसी के परिजन ने बेरहमी से पीट-पीटकर सौरभ की हत्या कर दी है. फिलहाल आरोपित पक्ष के सभी लोग मौके से फरार बताये जा रहे हैं.

घटना की सूचना पर कांटी थानेदार कुंदन कुमार मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली. थानेदार ने बताया कि मारपीट के क्रम में सौरभ के नाजुक अंगों पर काफी चोट लगी थी जिससे उसकी मौत हो गयी है. परिजनों के बयान का इंतज़ार किया जा रहा है. इधर पुलिस ने अपने स्तर से कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. थानेदार ने कहा कि एहतियातन पुलिस बल इलाके में गश्त लगा रही है. मृतक के परिजनों को त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है.

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंपा। घटना से आक्रोशित लोगों ने पहले तो शव को मुख्य सड़क पर रखकर रोड को जाम कर दिया और जमकर हंगामा मचाया। उसके बाद शव को लेकर प्रेमिका के घर पर पहुंच गये। जहां प्रेमिका के ही घर के बाहर युवक के लाश को जलाया गया। शव का दाह-संस्कार किया गया। इस घटना से इलाके में तनाव व्याप्त है। जिसे देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती कर दी गयी है।
