1st Bihar Published by: Updated Jul 04, 2021, 11:20:01 AM
- फ़ोटो
ROHTAS : बिहार के रोहतास जिले में BDO को अनोखे अंदाज में विदाई दी गई. लोगों ने उन्हें फूल और अंगवस्त्र देकर घोड़े पर सवार कर विदा किया. लोगों का कहना है कि अबतक किसी भी BDO को इतनी धूमधाम से विदाई नहीं दी गई है. इसके पीछे की वजह थी कि BDO ने अपने 3 साल के कार्यकाल में लोगों के लिए बहुत कुछ किया. इसलिए लोगों ने उन्हें इतनी भव्य विदाई दी.
दरअसल, रोहतास जिले के डेहरी स्थित सिंचाई विभाग के अतिथि गृह में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया. यह समारोह डेहरी के प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह के लिए था. इसके लिए खास इंतजाम किए गए थे. लोगों द्वारा उन्हें फूल-अंगवस्त्र देकर घोड़े पर सवार कर विदा किया गया.

इधर अपनी फेयरवेल पार्टी में अरुण कुमार में कहा कि डेहरी उनके सेवा काल का स्वर्णिम समय रहा है. 3 साल कैसे पूरे हो गए, यह पता नहीं चला. यहां के लोगों ने जो सहयोग दिया है, उसके लिए वह हमेशा ऋणी रहेंगे. इस मौके पर SDO सुनील कुमार ने कहा कि अरुण ने अपने वरीय पदाधिकारियों के हर दिशा-निर्देश का पालन करते हुए जनता के काम किए हैं. डेहरी SDPO संजय कुमार ने कहा कि विधि व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति में भी अरूण ने उसे नियंत्रित करने का काम किया.
बता दें कि लॉकडाउन में BDO अरुण कुमार ने खुद घूम-घूम कर लोगों की राशन सहित आर्थिक मदद की थी. कई गरीब परिवार की बेटियों की शादियों में भी उनके द्वारा आर्थिक मदद की गई. इंदिरा आवास, राशन कार्ड, पेंशन सहित सरकार की योजनाओं को अपने स्तर से मॉनिटरिंग कर वास्तविक जरूरतमंदों तक लाभ भी पहुंचाया.