Hindi News / news / बिहार विधानसभा के 100 साल : शताब्दी समारोह में आएंगे राष्ट्रपति, पीएम को...

बिहार विधानसभा के 100 साल : शताब्दी समारोह में आएंगे राष्ट्रपति, पीएम को भी न्योता देंगे विजय सिन्हा

1st Bihar Published by: Updated Sep 02, 2021, 3:44:31 PM

बिहार विधानसभा के 100 साल : शताब्दी समारोह में आएंगे राष्ट्रपति, पीएम को भी न्योता देंगे विजय सिन्हा

- फ़ोटो

PATNA : बिहार विधानसभा का शताब्दी वर्ष चल रहा है. शताब्दी वर्ष के मौके पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी शिरकत करेंगे. इसकी जानकारी देते हुए विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि दिल्ली में उन्होंने आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात कर कार्यक्रम का न्योता दिया है. 


विजय सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रपति ने उनका निमंत्रण स्वीकार भी किया है. उन्होंने बताया कि आज ही पीएम नरेंद्र मोदी से भी मिलेंगे और उनको भी इसमें आने का न्योता देंगे. उम्मीद है कि समापन समारोह में प्रधानमंत्री जरूर शिरकत करेंगे. इसके बाद उन्होंने जानकारी दी कि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मिलेंगे. विधायकों के रेल से संबंधित कुछ मामले हैं हम उस पर उनसे वार्ता करेंगे. बिहार एक श्रमिक राज्य है. वहां से कई लोग दूसरे राज्यों में काम के लिए जाते हैं. रेलवे में सुविधा बढ़िया मिले इस पर भी वार्ता करूंगा.


आपको बता दें कि बिहार विधानसभा का शताब्दी वर्ष समारोह 7 फरवरी से मनाया जा रहा है. इसके बाद इस समारोह के तहत 1 साल तक कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. बिहार विधानसभा भवन तैयार होने के बाद 7 फरवरी 1921 में पहली बैठक हुई थी. पिछले 100 साल में विधानसभा में कई बड़े प्रस्ताव आए हैं. कई विधेयक पास कराए गए हैं. विधानसभा का 100 साल उपलब्धियों भरा रहा. अब उसे फिर से एक बार याद करने की कोशिश शताब्दी वर्ष समारोह के जरिए की गई है. 1 साल के कार्यक्रम के माध्यम से शताब्दी वर्ष समारोह को यादगार बनाया जा रहा है.


गौरतलब हो कि कोरोना काल के कारण बिहार विधानसभा का शताब्दी वर्ष समारोह भव्य तरीके से नहीं मनाया जा सका था. अब कोरोना के मामले धीरे धीरे कम हुए हैं. ऐसे में सरकार शताब्दी वर्ष समारोह को यादगार बनाने में जुट गई है.