1st Bihar Published by: Updated May 24, 2022, 2:45:40 PM
- फ़ोटो
GAYA: बिहार में एक बार फिर जहरीली शराब से मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। औरंगाबाद और सहरसा के बाद गया से भी तीन लोगों के मौत की खबर सामने आ रही है। गया में जहरीली शराब पीने से मंगलवार को तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि 8 लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। बीते 14 मई को शादी समारोह के दौरान सभी ने शराब पी थी। घटना आमस थाना क्षेत्र के पथरा गांव की है।
बताया जा रहा है कि बीते सोमवार को शादी समारोह के दौरान सभी लोगों ने देसी शराब का सेवन किया था। शाम होते ही सभी को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी। इसके बाद सभी को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार की रात 2 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 2 लोगों को मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया था। जिसमें से एक ने दम तोड़ दिया। बाकी 7 लोग आमस के सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं।
मृतकों की पहचान 26 वर्षीय अमर पासवान और 43 वर्षीय अर्जुन प्रसाद और राहुल कुमार के रूप में हुई है। अर्जुन और अमर पासवान चाचा-भतीजा थे। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आमस थाने की पुलिस पथरा गांव में छापेमारी कर रही है। फिलहाल इस मामले में कोई भी अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है।