1st Bihar Published by: Updated May 10, 2020, 3:59:03 PM
- फ़ोटो
PATNA : राजधानी पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है जहां बिहार में कोरोना की वजह से छठे मरीज की मौत हो गई है।कोरोना के कारण जिस मरीज की मौत हुई है वह बाढ़ के बेलछी का रहने वाला था। पिछले दिनों अथमलगोला क्वॉरेंटाइन सेंटर में उसे पॉजिटिव पाया गया था जिसके बाद इलाज के लिए उस व्यक्ति को पटना के पीएमसीएच लाया गया था।60 साल के व्यक्ति की मौत हुई है।
इससे पहले पांचवी मौत सासाराम के 70 साल के बुजुर्ग की मौत गुरुवार दोपहर 2 बजे नारायण मेडिकल कॉलेज जमुहार में हो गई थी । बुजुर्ग की रिपोर्ट उनकी मौत से दो घंटे पहले ही पॉजिटिव आई थी। मृतक को पहले से ही सांस से जुड़ी बीमारी थी। उन्हें अस्पताल में डॉक्टरों ने बचाने की बहुत कोशिश की लेकिन वो नाकाम रहे।
इससे पहले तीसरी और चौथी मौत पटना के एनएमसीएच में हुई थी। तीसरी मौत 1 मई को हुई थी। तीसरा मृतक मोतिहारी का रहनेवाला था और उसकी उम्र 54 साल थी। साल भर से इस पीड़ित को कैंसर था और उसका इलाज भी चल रहा था। वहीं 2 मई को कोरोना से चौथी मौत पटना के NMCH में ही हुई थी। चौथा मृतक 45 साल का शख्स था जो कैंसर का मरीज भी था। 30 अप्रैल को उसे एनएमसीएच में भर्ती कराया गया था। बाद में उसकी कोरोना जांच की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी।
वहीं पटना के एम्स में कोरोना से पहली और दूसरी मौत हुई थी। बिहार में कोरोना से पहली मौत 22 मार्च को पटना एम्स में ही हुई थी। मृतक मुंगेर का रहने वाला था और दोहा, कतर से लौटा था। वहीं दूसरी मौत 17 अप्रैल को वैशाली के राघोपुर के रहने वाले 35 साल के शख्स की मौत भी एम्स में इलाज के दौरान हुई थी।
इस बीच बिहार में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा आंकड़ा 653 तक पहुंच गया है। आज रविवार को अब तक 42 मरीज मिले हैं। पटना जिले में भी आज तीन नये कोरोना पॉ़जिटिव मरीज सामने आए हैं। पिछले कुछ दिनों के अंदर कोरोना प़ॉजिटिव मरीजों के आंकड़े में तेजी से इजाफा हुआ है। कल शनिवार को भी सूबे में 32 मरीज मिले थे।