1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 23, 2023, 10:28:45 AM
- फ़ोटो
SAMASTIPUR: खबर समस्तीपुर से आ रही है, जहां एक चाचा ने अपने दोस्त के साथ मिलकर सगे भतीजे की हत्या कर दी। लेन देन के विवाद को लेकर चाचा ने 12 साल के भतीजे के सीने में गोली दाग दी। ग्रामीणों ने वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को धर दबोचा और उसे पुलिस के हवाले कर दिया है जबकि आरोपी चाचा फरार बताया जा रहा है। घटना शिवाजी नगर ओपी के काकड़घाट गांव की है।
मृतक किशोर की पहचान काकड़घाट गांव निवासी राजीव सहनी के 12 साल के बेटे अनिकेत कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि पांचवीं के छात्र अनिकेत के पिता राजीव सहनी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी किराए पर चलाते हैं। सोमवार को राजीव सहनी गाड़ी लेकर बारात में गए थे। इसी दौरान जब अनिकेत और परिवार के लोग टीवी देख रहे थे, उनका छोटा भाई अरविंद अपने दोस्त के साथ पहुंचा और अनिकेत को गोली मारकर फरार हो गया।
गोली मारकर भाग रहे एक आरोपी को ग्रामीणों ने धर दबोचा जबकि मृतक अनिकेत का चाचा मौके से फरार हो गया। रुपए के लेन देन के विवाद में 12 वर्षीय अनिकेत की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक बच्चे के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि फरार हुआ चाचा की तलाश कर रही है।