1st Bihar Published by: Updated Feb 11, 2022, 2:32:05 PM
- फ़ोटो
AURANGABAD : खबर औरंगाबाद से है, जहां सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार की देर शाम बाइक और ऑटो की जबरदस्त टक्कर में बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये थे। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए तीनों को पटना रेफर कर दिया था। जहां गंभीर रूप से घायल मामा और भांजा की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार की शाम मदनपुर के घटराईन स्कूल के पास बाइक और ऑटो की जोरदार टक्कर में बाइक सवार कमलेश चौधरी, उसका बहनोई सिकंदर चौधरी और भांजा गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आनन-फानन में तीनों घायलों को इलाज के लिए स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया गया।
पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद सभी को औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया गया। सदर अस्पताल से घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। पटना में इलाज के दौरान शुक्रवार को कमलेश चौधरी और गुड्डू की मौत हो गई। दोनों की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
बताया जा रहा है कि तीनों शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक पर सवार होकर बारूण जाने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही तीनों एनएच 2 पर घटराईन स्कूल के पास पहुंचे तभी ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मामा कमलेश चौधरी और भांजा गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गये थे।