1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 28, 2026, 12:58:36 PM
- फ़ोटो
Jana Nayagan Release Date: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म जन नायकन एक बार फिर चर्चा में है। फिल्म पहले ही कई बार टल चुकी है और अब एक बार फिर इसकी रिलीज डेट को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। ऐसे में फैंस के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह फिल्म फिर से पोस्टपोन होने वाली है?
दरअसल, इस फिल्म को पहले 9 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना था, लेकिन सर्टिफिकेशन से जुड़ी समस्याओं के कारण इसे समय पर मंजूरी नहीं मिल सकी। सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से क्लियरेंस में देरी के चलते फिल्म की रिलीज पहले ही आगे खिसक चुकी है।

अब नई रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की रिलीज एक बार फिर टल सकती है। इंडस्ट्री से जुड़ी चर्चाओं में कहा जा रहा है कि फिल्म के ओटीटी राइट्स को लेकर भी समस्या खड़ी हो गई है। बताया जा रहा है कि देरी के चलते स्ट्रीमिंग पार्टनर ने अपनी डील रद्द कर दी है। अगर ऐसा होता है, तो मेकर्स को बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता है और उन्हें पूरी रिलीज रणनीति पर दोबारा विचार करना पड़ सकता है।
इसी बीच एक और बड़ी वजह सामने आ रही है, जो इस देरी का कारण बन सकती है। फिल्म को प्रोड्यूस कर रही कंपनी केवीएन प्रोडक्शंस की अन्य बड़ी फिल्में पहले से ही रिलीज लाइन में हैं। इनमें केडी: द डेविल 30 अप्रैल 2026 को और टॉक्सिक 4 जून 2026 को रिलीज होने वाली है। ऐसे में मेकर्स नहीं चाहते कि उनकी फिल्मों के बीच टकराव हो।

इसी वजह से कयास लगाए जा रहे हैं कि ‘जन नायकन’ को इन फिल्मों के बाद ही रिलीज किया जाएगा। संभावित नई रिलीज डेट जून के अंत या जुलाई 2026 मानी जा रही है। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि फिल्म को विजय के जन्मदिन 22 जून के आसपास रिलीज किया जा सकता है, ताकि फैंस के लिए यह एक खास मौका बन सके।
फिल्म का निर्देशन एच. विनोद ने किया है और इसमें विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, प्रकाश राज, प्रियामणि और गौतम वासुदेव मेनन जैसे कई बड़े कलाकार नजर आने वाले हैं।

सबसे दिलचस्प बात यह है कि ‘जन नायकन’ को विजय के करियर की आखिरी फिल्म भी बताया जा रहा है। खबरें हैं कि इसके बाद वह पूरी तरह राजनीति में सक्रिय हो जाएंगे और फिल्मों से दूरी बना लेंगे। ऐसे में यह फिल्म उनके फैंस के लिए और भी खास हो जाती है।
फिलहाल मेकर्स की ओर से रिलीज डेट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन जिस तरह से परिस्थितियां बन रही हैं, उससे यही लगता है कि दर्शकों को इस फिल्म के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।