DESK: 14 साल से घर में साथ रहने वाला तोता अचानक उड़ गया। तोते की तलाश में घरवाले लगे हुए हैं, लेकिन उसका अब तक कोई अता पता नहीं चल पाया है। थक हारकर तोते के मालिक ने इनाम की घोषणा कर दी। उन्होंने हर गली मुहल्ले में बैनर पोस्टर लगा दिया और उस पर यह लिख दिया कि जो कोई भी उनके तोते को ढूंढकर लाएगा वो उसे 50 हजार रुपये का इनाम देंगे और तोते के बारे में जानकारी देने वाले को दस हजार रुपये देंगे।
मामला बिहार के पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश का है, जहां कन्नौज जिले के छिबरामऊ में एक पालतू तोते के गायब होने का मामला इन दिनों चर्चा में बना हुआ है। करीब 14 साल से तोता परिवार के साथ रह रहा था।
बिल्ली को देखकर डर गया तोता
बताया जाता है कि काशीराम कॉलोनी में रहने वाले अर्जुन जोशी का यह तोता करीब 14 साल पहले उनके घर आया था। तब से इतने लंबे समय तक वह परिवार के साथ रह रहा था। वह घर के सदस्यों का बेहद करीबी बन गया था और सभी लोग उससे भावनात्मक रूप से जुड़ गये थे।
तोते के मालिक ने बताया कि, कुछ दिन पहले घर में अचानक एक बिल्ली आ गई। बिल्ली को देखकर तोता काफी डर गया और इसी दौरान वह घर से उड़ गया। इसके बाद परिवार ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
शहरभर में लगाए गए गुमशुदगी के पोस्टर
काफी समय तक तोते के वापस नहीं लौटने पर अर्जुन जोशी ने उसकी तलाश तेज कर दी। शहर के अलग-अलग इलाकों में तोते की गुमशुदगी के पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर में तोते की पहचान से जुड़ी जानकारी दी गई है, ताकि अगर वह किसी को दिखाई दे तो लोग उसे पहचानकर परिवार को सूचना दे सकें। घर के सदस्यों का कहना है कि 14 साल तक साथ रहने के कारण तोता उनके लिए सिर्फ एक पालतू पक्षी नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य जैसा है। इसलिए उसे वापस लाने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।
तोता लौटाने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम
अर्जुन जोशी ने तोते को सुरक्षित वापस लाने वाले व्यक्ति के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। वहीं, अगर किसी व्यक्ति को तोते के बारे में पुख्ता जानकारी मिलती है, लेकिन वह उसे खुद वापस नहीं ला पाता है, तो सूचना देने वाले को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे।
परिवार को सुरक्षित वापसी का इंतजार
परिवार लगातार आसपास के इलाकों में तोते की तलाश कर रहा है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी उसे खोजने में मदद करने की अपील की गई है। परिवार को उम्मीद है कि किसी व्यक्ति को तोता नजर आएगा और उसकी सूचना मिलने के बाद वह सुरक्षित वापस घर लौट सकेगा।
14 साल तक परिवार के साथ रहे पालतू तोते के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किए जाने के बाद यह मामला स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है। वही अब परिवार को अपने प्यारे ‘मिट्ठू’ के सुरक्षित घर लौटने का इंतजार है।





