PM Kisan Yojana New Update: अगर आप पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे हैं या पहली बार आवेदन करने जा रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। अब किसान घर बैठे मोबाइल ऐप के जरिए खुद रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं, लेकिन छोटी-छोटी गलतियां आपकी किस्त रुकने की वजह बन सकती हैं। कई किसानों का पैसा सिर्फ गलत जानकारी भरने के कारण अटक जाता है।
सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए पीएम किसान मोबाइल ऐप की शुरुआत की है, ताकि उन्हें साइबर कैफे या सीएससी सेंटर के चक्कर न लगाने पड़ें। हालांकि, ऑनलाइन आवेदन करते समय थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। आइए जानते हैं वे कौन-सी आम गलतियां हैं, जिनसे बचना बेहद जरूरी है।
नाम की स्पेलिंग गलत भरना पड़ सकता है भारी
रजिस्ट्रेशन करते समय कई किसान जल्दबाजी में अपने नाम की गलत स्पेलिंग भर देते हैं। आधार कार्ड, बैंक खाते और आवेदन फॉर्म में नाम अलग-अलग होने पर आवेदन रिजेक्ट हो सकता है। इसलिए वही नाम भरें जो आधार कार्ड में दर्ज है।
IFSC कोड की गलती से रुक सकता है पैसा
बैंक खाते की जानकारी भरते समय IFSC कोड में सबसे ज्यादा गलतियां होती हैं। अंग्रेजी अक्षरों और नंबरों में भ्रम होने से गलत कोड दर्ज हो जाता है। ऐसी स्थिति में किस्त खाते तक नहीं पहुंच पाती। आवेदन करने से पहले IFSC कोड दोबारा जरूर जांच लें।
एक ही जमीन पर कई लोगों का आवेदन
पीएम किसान योजना में जमीन की जानकारी बेहद अहम होती है। कई बार एक ही जमीन पर परिवार के कई सदस्य आवेदन कर देते हैं या गलत खाता-खेसरा नंबर भर दिया जाता है। जांच के दौरान ऐसे आवेदन रोक दिए जाते हैं और किस्त अटक सकती है।
आधार से मोबाइल नंबर लिंक नहीं होना
ई-केवाईसी अब अनिवार्य कर दिया गया है। अगर आपके आधार कार्ड से मोबाइल नंबर लिंक नहीं है, तो ओटीपी नहीं आएगा और ई-केवाईसी अधूरी रह जाएगी। ऐसी स्थिति में अगली किस्त रुक सकती है।
आवेदन करते समय इन बातों का रखें खास ध्यान
- आधार कार्ड और बैंक पासबुक साथ रखें
- नाम, जन्मतिथि और बैंक डिटेल्स सही भरें
- जमीन से जुड़ी जानकारी ध्यान से दर्ज करें
- आवेदन के बाद स्टेटस जरूर चेक करें
- ई-केवाईसी समय पर पूरा करें
ये गलतियां देखने में छोटी लग सकती हैं, लेकिन इनकी वजह से पीएम किसान योजना की अगली किस्त अटक सकती है। अगर आपने आवेदन में कोई गलती कर दी है, तो उसे जल्द से जल्द सुधार लेना ही बेहतर होगा।


