DESK: कर्नाटक में बारिश थमने और तेज धूप के कारण सांपों के घरों में घुसने की घटनाएं बढ़ गई हैं। सिलिकॉन सिटी बेंगलुरु में पिछले तीन दिनों के दौरान घरों में सांप मिलने की 200 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गई हैं। वहीं, राज्य में सांप काटने की घटनाएं काफी बढ़ी है।पिछले एक सप्ताह में सांप काटने के 702 मामले सामने आए हैं, जिनमें 6 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 205 लोगों की जान सांप के काटने से हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल जनवरी से अब तक कर्नाटक में सांप काटने के कुल 17,608 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 205 लोगों की मौत हो चुकी है। बढ़ती घटनाओं को देखते हुए राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गए हैं।
जूते के स्टैंड से बाथरूम तक छिप रहे सांप
बारिश के बाद अचानक तेज धूप निकलने और तापमान बढ़ने से सांप ठंडी जगहों की तलाश में घरों और रिहायशी इलाकों में पहुंच रहे हैं। घरों में जूते के स्टैंड, साइकिल के आसपास, बाथरूम और वाशिंग मशीन के पीछे सांप छिपे हुए मिल रहे हैं। इससे लोगों में डर का माहौल है।
बृहत् बेंगलुरु महानगर पालिके (BBMP) की हेल्पलाइन, इमरजेंसी नंबर 100 और फायर ब्रिगेड को पिछले तीन दिनों में 200 से ज्यादा कॉल मिले हैं। इन शिकायतों में कोबरा, रसेल वाइपर, रैट स्नेक और धारीदार सांपों के दिखाई देने की जानकारी शामिल है।
शहरीकरण से सांपों के प्राकृतिक आवास पर असर
विशेषज्ञों और वन्यजीव बचाव दलों के मुताबिक, बेंगलुरु के तेजी से विकसित हो रहे बाहरी इलाकों में सांपों के घरों में घुसने की समस्या अधिक गंभीर हो रही है। आरआर नगर, येलाहांका, जेपी नगर,विद्यारण्यपुरा, नागरभावी और सरजापुर जैसे इलाकों में निर्माण कार्यों और तेजी से बढ़ते शहरीकरण के कारण सांपों के प्राकृतिक आवास प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में सांप रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। सांपों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने वाली रेस्क्यू टीमों पर भी काम का दबाव बढ़ गया है।
विशेषज्ञों ने लोगों को सोशल मीडिया पर रील बनाने या स्टंट करने के लिए सांप पकड़ने की कोशिश नहीं करने की सलाह दी है। सांप को पकड़ने या उसके करीब जाने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है।
एक सप्ताह में 6 मौतें, अस्पतालों को एंटी-वेनम रखने के निर्देश
सांप काटने के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिला अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) को पर्याप्त मात्रा में एंटी-वेनम दवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य मंत्री यू.टी. खादर ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सांप काटने के किसी भी मामले में मरीज को बिना देरी के आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और उचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।
घर में सांप दिखे तो क्या करें?
विशेषज्ञों और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और BBMP, फायर ब्रिगेड या अधिकृत स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
अगर किसी व्यक्ति को सांप काट ले, तो झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय बर्बाद न करें। मरीज को जल्द से जल्द नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं, ताकि समय पर उचित इलाज मिल सके।





