Jewar Airport: उत्तर प्रदेश के जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ किए जाने के प्रस्ताव को योगी कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में प्रेसवार्ता के दौरान इसकी जानकारी दी। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर उनके योगदान और उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद ने उनके अभिनंदन का प्रस्ताव पारित किया है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन इतिहास में गौरवशाली दिवस के रूप में दर्ज हुआ है।
सीएम योगी ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश के लिए विशेष गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश से सांसद और लोकप्रिय जनप्रतिनिधि हैं। उनकी 25 वर्षों की सेवा यात्रा में राष्ट्र प्रथम और जनसेवा के प्रति समर्पण प्रमुख रहा है। उनके नेतृत्व में वैश्विक मंच पर भारत की पहचान और मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन सभ्यता से जुड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश अपनी सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखते हुए विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।उन्होंने वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री मोदी के काशी आगमन का जिक्र करते हुए उनके कथन ‘मुझे मां गंगा ने बुलाया है’ को याद किया। सीएम योगी के मुताबिक, प्रधानमंत्री का संकल्प आज उत्तर प्रदेश के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और उनके प्रशासनिक अनुभव का लाभ उत्तर प्रदेश को मिला है। डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में प्रदेश ने सुशासन, सुरक्षा और निवेश के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार निवेश आ रहा है और राज्य सुरक्षित माहौल के साथ विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विकास सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में चल रही और पूरी हो चुकी प्रमुख विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मेट्रो, एक्सप्रेसवे, रैपिड रेल और जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं से उत्तर प्रदेश का बुनियादी ढांचा मजबूत हो रहा है। उन्होंने प्रदेश में 42 राष्ट्रीय मार्गों के निर्माण, दादरी में बन रहे डेडिकेटेड कॉरिडोर और वाराणसी में राष्ट्रीय जलमार्ग जैसी परियोजनाओं को महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया। इसके साथ ही उन्होंने लखनऊ में स्थापित ब्रह्मोस असेंबली प्लांट का भी जिक्र किया।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ काम किया जा रहा है। प्रदेश में गरीबों, वंचितों और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अपनी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में बेहतर बुनियादी सुविधाएं, निवेश के अवसर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।





