Bihar Crime News: शेखपुरा के चेवाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव से किशोरी के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि एक ग्रामीण चिकित्सक ने इलाज के बहाने 16 वर्षीय किशोरी का यौन शोषण किया और बाद में वीडियो व तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर करीब छह महीने तक उसे परेशान करता रहा. मामले में किशोरी की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपित ग्रामीण चिकित्सक विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.
किशोरी के अनुसार, करीब छह महीने पहले उसे माहवारी से जुड़ी परेशानी थी. इसी के इलाज के लिए वह गांव में ही ग्रामीण चिकित्सक विनोद कुमार के पास गई थी. आरोप है कि जांच के बाद चिकित्सक ने उसे स्लाइन चढ़ाने की बात कही और उसके स्वजन को घर भेज दिया.
किशोरी ने आरोप लगाया कि इसके बाद चिकित्सक ने स्लाइन में ऐसी दवा मिला दी, जिससे वह बेहोश हो गई. इसी दौरान उसने उसके साथ दुष्कर्म किया. होश में आने के बाद किशोरी को घटना की जानकारी हुई. आरोप है कि चिकित्सक ने अपने मोबाइल में घटना से जुड़े वीडियो और तस्वीरें दिखाकर उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो उन्हें वायरल कर देगा.
किशोरी का आरोप है कि वीडियो और तस्वीरें वायरल करने की धमकी के कारण वह काफी समय तक चुप रही. इसके बाद आरोपित लगातार उसे धमकाता रहा और उसका शोषण करता रहा.
गुरुवार को मामले का खुलासा तब हुआ, जब आरोपित किशोरी के घर दवा देने के बहाने पहुंचा. आरोप है कि वह किशोरी के कमरे में गया और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश करने लगा. किशोरी के विरोध करने और आवाज सुनकर घर के लोगों के कमरे में पहुंचने के बाद मामला सामने आया.
परिजनों के कमरे में पहुंचने के बाद आरोपित ने कथित तौर पर अपने मोबाइल में मौजूद वीडियो और तस्वीरें दिखाकर धमकी देने की कोशिश की. इसके बाद परिवार के लोग किशोरी को लेकर महिला थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी.
महिला थाना की एसएचओ रिशु कुमारी ने बताया कि किशोरी के लिखित आवेदन के आधार पर ग्रामीण चिकित्सक विनोद कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है. किशोरी की मेडिकल जांच भी कराई जा रही है.
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि के लिए उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपित के मोबाइल समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.





