Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना से सटे बाढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में दीपावली की रात 18 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने पिस्तौल का भय दिखाकर युवती को अगवा किया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान उसकी छोटी बहन को जान से मारने की धमकी देकर करीब दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पीड़िता के बयान के अनुसार, उसकी मां का करीब दो साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद से उसके पिता मानसिक तनाव में रहने लगे थे। दीपावली की रात करीब 11 बजे तक जब पिता घर नहीं पहुंचे, तो दोनों बहनें उनकी तलाश में घर से बाहर निकलीं। इसी दौरान गांव के पास कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि एक युवक ने पिस्तौल दिखाकर बड़ी बहन को धमकाया और उसका मुंह कपड़े से ढक दिया। वहीं, छोटी बहन को जान से मारने की धमकी देकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद आरोपी युवती को घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक सुनसान ग्रामीण सड़क की ओर ले गए। पीड़िता का आरोप है कि वहां तीन बदमाशों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना के बाद दोनों बहनों को डरा-धमकाकर छोड़ दिया गया। पीड़िता के बयान पर दो नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने डुमरिया निवासी बाबूलाल (25) और विक्कू कुमार (26) को गिरफ्तार किया है। सोमवार शाम पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। जांच के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। पुलिस घटनास्थल समेत मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
ग्रामीण एसपी कोमल मिणा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से करीब 20 मीटर की दूरी पर छोटी बहन को बंधक बनाकर रखने की बात सामने आई है। फिलहाल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अज्ञात आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।





