Patna News: राजधानी पटना के डाकबंगला चौराहे के पास स्थित ग्रैंड प्लाजा की संगीता इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थीं। शुरुआती आशंका के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
जानकारी के मुताबिक, आग दुकान के बाहरी हिस्से में लगी थी। दुकान के बाहर लगे बैनर और पोस्टर में आग पकड़ने के बाद लपटें तेजी से फैलने लगीं। इससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। बाद में दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की तत्परता से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
समय रहते आग बुझा दिए जाने से दुकान में रखे लाखों रुपये के सामान को जलने से बचा लिया गया। फिलहाल दुकान के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा है। अंदर रखे सामान को कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी दुकान खुलने के बाद ही मिल सकेगी।
गौरतलब है कि दीपावली की रात भी राजधानी पटना में आग लगने की 41 घटनाएं सामने आई थीं। इनमें से छह स्थानों पर आग ने भयावह रूप ले लिया था, जिससे काफी संपत्ति का नुकसान हुआ। हालांकि, फायर ब्रिगेड और पुलिस की तत्परता से ज्यादातर जगहों पर आग पर काबू पा लिया गया था। इन घटनाओं में कई लोग घायल भी हुए थे।




