Bihar Crime News: जमुई के चिहरा थाना क्षेत्र के बरमोरिया पंचायत अंतर्गत गुहिया के घने जंगल में पुलिस और एसटीएफ ने नक्सलियों के दौर का पुराना विस्फोटक डंप बरामद किया है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए सघन तलाशी अभियान में सुरक्षाबलों ने जमीन में छिपाकर रखी गईं 250 जिलेटिन की छड़ें बरामद कीं। भारी मात्रा में विस्फोटक मिलने के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, चिहरा थानाध्यक्ष रिंकू रजक के नेतृत्व में एसटीएफ और स्थानीय पुलिस बल ने गुहिया जंगल में सघन कांबिंग ऑपरेशन चलाया। पुलिस को सूचना मिली थी कि नक्सली गतिविधियों के दौर में जंगल के सुनसान इलाके में बड़ी मात्रा में विस्फोटक छिपाकर रखा गया था। सूचना को गंभीरता से लेते हुए जवानों ने संभावित ठिकाने की घेराबंदी कर व्यवस्थित तरीके से तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी के दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखी गई जिलेटिन की छड़ें बरामद हुईं। इसके बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को सुरक्षित कर दिया और बरामद विस्फोटक के संबंध में वरीय अधिकारियों को सूचना दी। बड़ी संख्या में जिलेटिन की छड़ें मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में भी हड़कंप मच गया।
विस्फोटक बरामद होने की सूचना पर जमुई से बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) भी मौके पर पहुंचा। टीम द्वारा बरामद सभी 250 जिलेटिन की छड़ों को सुरक्षा मानकों के अनुसार निष्क्रिय करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में भी सघन जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष रिंकू रजक ने बताया कि नक्सली प्रभाव खत्म होने के बावजूद जंगल में छिपाकर रखा गया यह पुराना विस्फोटक किसी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकता था। समय रहते बरामदगी होने से संभावित खतरा टल गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जंगल में ऐसे और कितने पुराने डंप या ठिकाने मौजूद हो सकते हैं।
सुरक्षाबलों द्वारा आसपास के पहाड़ी और जंगली इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि पुराने नक्सली प्रभाव वाले क्षेत्रों में छिपाए गए विस्फोटक या अन्य आपत्तिजनक सामान की तलाश के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।





