EAST CHAMPARAN: पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत दुलमा पंचायत के वार्ड संख्या-1 में चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर करीब एक करोड़ रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत दुलमा पंचायत वार्ड संख्या-1 में 5 जून की देर रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया पीड़ित गृहस्वामी आदिल अहमद खान ने बताया कि उनके पड़ोस में शादी समारोह होने के कारण पूरा परिवार घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज के अनुसार चोर ने लोहे की रॉड की मदद से एक-एक कर सभी कमरों के मजबूत ताले तोड़े और घर में रखे करीब 45 भर सोना, 2 किलोग्राम चांदी, डेढ़ लाख रुपये नकद, एटीएम कार्ड, चेकबुक तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गया।
शादी समारोह से लौटने के बाद सुबह जब परिवार घर पहुंचा तो सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित परिवार ने बताया कि सूचना देने के बावजूद डायल 112 पुलिस से तत्काल कोई सहायता नहीं मिली। इसके बाद मधुबन थाना में लिखित आवेदन दिया गया, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। नावेद खान ने बताया कि पकड़ी दयाल अनुमंडल की अभी तक सबसे बड़ी यह चोरी की घटना है।
चोरी गई संपत्ति उनके परिवार की पूरी जीवनभर की कमाई थी। घटना के बाद सदमे में उनकी मां, बहन और पत्नी की तबीयत बिगड़ गई, जिनमें से कुछ का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के 18 दिन बीत जाने के बाद भी न तो चोरों का पता चल सका है और न ही चोरी गए सामान का कोई सुराग मिला है। पीड़ित परिवार ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक, पूर्वी चंपारण से मिलकर आवेदन दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध चोर की पहचान कर सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। साथ ही सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया गया है।





