Bihar Crime News: नालंदा जिले के बिहारशरीफ में छात्रा से बातचीत को लेकर हुई गलतफहमी के बाद दो सगे भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना सोहसराय थाना क्षेत्र के मोगल कुआं मस्जिद के समीप सोमवार की शाम की है। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जख्मी भाइयों की पहचान बिहार थाना क्षेत्र के कागजी मोहल्ला निवासी मोहम्मद परवेज के पुत्र मोहम्मद अली और मोहम्मद अरबाज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, विवाद सोगरा हाई स्कूल में पढ़ने वाली एक छात्रा से बातचीत को लेकर शुरू हुआ था। मोहम्मद अली नौवीं कक्षा का छात्र है और उसी स्कूल में पढ़ता है, जहां संबंधित छात्रा भी पढ़ाई करती है।
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अली और छात्रा के बीच भाई-बहन जैसा रिश्ता था। हालांकि, छात्रा के पक्ष के कुछ लोगों को दोनों की बातचीत को लेकर गलतफहमी हो गई थी। आरोप है कि इसी विवाद के बाद सोनू नामक युवक ने अपने साथियों के साथ अली को बातचीत करने के बहाने मोगल कुआं मस्जिद के पास बुलाया।
मोहम्मद अली के अनुसार, शुरुआत में बातचीत सामान्य तरीके से हो रही थी, लेकिन कुछ देर बाद वहां मौजूद छह-सात युवक गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान पीछे से एक युवक ने चाकू निकालकर उसकी पीठ पर वार कर दिया।
भाई पर हमला होने की जानकारी मिलते ही पास की दुकान पर मौजूद अरबाज बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि हमलावरों ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई। इसी बीच मौके पर पहुंचे उनके चचेरे भाई जैद खान ने किसी तरह दोनों को हमलावरों से छुड़ाया। इसके बाद ऑटो से दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
इस मामले में सोहसराय थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि लड़का और लड़की दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते हैं। छात्रा से बातचीत को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश में युवक को बातचीत के बहाने बुलाया गया और फिर गाली-गलौज के बाद चाकूबाजी की घटना हुई।
थानाध्यक्ष के अनुसार, पुलिस ने पीड़ित पक्ष का बयान दर्ज कर लिया है। प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





