BHOJPUR:बिहार में घूसखोर अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं। निगरानी की कार्रवाई के बावजूद ये लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला भोजपुर जिले के गड़हनी अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी जितेन्द्र कुमार से जुड़ा हुआ है। विजिलेंस की टीम ने राजस्व कर्मचारी जितेन्द्र कुमार को 3500 रुपये घूस लेते गड़हनी अंचल कार्यालय से रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
निगरानी की इस कार्रवाई से अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। यह बात जंगल में लगी आग की तरह फैल गयी, जिसके बाद घूस लेते राजस्व कर्मचारी की चर्चा चारों ओर होने लगी। दरअसल भोजपुर के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के एड़ौरा निवासी स्व. राम गोविन्द राम के बेटे रामदेव राम ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के कार्यालय में इस बात की शिकायत दर्ज करायी थी कि आरोपी राजस्व कर्मचारी जितेंद्र कुमार दाखिल खारिज करने के एवज में घूस मांग रहा है।
ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम द्रष्टया आरोप सही पाये जाने के पश्चात् उपरोक्त कांड अंकित कर अनुसंधानकर्ता श्री गौतम कृष्ण, पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।
धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त श्री जितेन्द्र कुमार, राजस्व कर्मचारी, अंचल कार्यालय गड़हनी, जिला- भोजपुर को 3,500/- (तीन हजार पाँच सौ) रूपये रिश्वत लेते हुए गड़हनी अंचल कार्यालय परिसर, जिला- भोजपुर से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के उपरांत माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में उपस्थापित किया जायेगा। अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई की जा रही है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना का वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह 74वाँ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई है। जिसमें यह ट्रैप संबंधी 69वाँ कांड है, जिसमें कांड दर्ज कर अभी तक कुल 69 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है तथा रिश्वत की कुल बरामद राशि 27,05,300/- (सताईस लाख पाँच हजार तीन सौ) रूपये है। पिछले वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किये गये थे एवं रिश्वत की राशि 37,80,300/- रुपये बरामद किये गये थे।





