BHOJPUR: दहेज हत्या को रोकने के लिए सरकार ने कड़े कानून बना रखे हैं, इसके बावजूद दहेज दानव अपनी करतूतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला बिहार के भोजपुर जिले से सामने आई है। जहां शादी के चार साल बाद एक विवाहिता की कथित तौर पर दहेज के लिए हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को बोरे में बांधकर गंगा नदी में फेंक दिया गया। घटना बिहिया थाना क्षेत्र के तेघरा गांव की है। मृतका की पहचान छोटका तुरहा की पत्नी 30 वर्षीय रेणु देवी के रूप में हुई है। इस घटना के मृतका के परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों के आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार 17 मई को सलेमपुर श्मशान घाट के पास गंगा नदी से महिला का शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले में मृतका के भाई अखिलेश कुमार ने बहनोई छोटका तुरहा, ससुर फूलचंद्र तुरहा, सास और ननद के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही रेणु देवी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के भाई अखिलेश कुमार ने बताया कि उनकी बहन की शादी मई 2022 में हुई थी। शादी के समय परिवार ने अपनी क्षमता के अनुसार दहेज भी दिया था, लेकिन कुछ समय बाद ससुराल पक्ष दो लाख रुपये की मांग करने लगा। उन्होंने बताया कि बहनोई छोटका तुरहा अक्सर रेणु से मायके से पैसे लाने का दबाव बनाता था और कहता था कि उसे व्यवसाय शुरू करना है। मांग पूरी नहीं होने पर रेणु को प्रताड़ित किया जाता था।
अखिलेश कुमार के अनुसार, 14 मई को उनके बहनोई ने फोन कर गाली-गलौज की। अगले दिन जब वे बहन के ससुराल जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी आरोपी ने फोन कर कहा कि रेणु घर से भाग गई है। इसके बाद परिवार ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पति छोटका तुरहा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पत्नी की हत्या कर शव को बोरे में बांधकर सलेमपुर श्मशान घाट स्थित गंगा नदी किनारे फेंकने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर बिहिया थाना पुलिस ने रविवार दोपहर शव बरामद कर लिया। शव की हालत खराब होने के कारण पोस्टमार्टम के लिए पहले सदर अस्पताल भेजा गया, लेकिन बाद में उसे पटना रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रेणु देवी अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थीं। परिवार में उनकी मां अशरफी देवी, एक पुत्र गणेश और एक पुत्री परी हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस घटना से मृतका के परिजन काफी सदमें में हैं, उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस से आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाये जाने की मांग कर रहे हैं।




