BETTIAH: मझौलिया थाना क्षेत्र के धोकराहा पंचायत के वार्ड नंबर-2 स्थित नुनिया टोला में शनिवार अहले सुबह पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांजे की बड़ी खेप बरामद की। पुलिस ने गांजा लदी सफेद कार को जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया। कार से कुल 1 क्विंटल 18 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये है।
पुलिस को देखकर सरेह की ओर भागा चालक
थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार में गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने संभावित स्थान पर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही चालक कार लेकर गांव के सरेह की ओर भागने लगा। इसी दौरान बांस के पास कार सरेह में फंस गई। पुलिस ने मौके की घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया।
कार से मिले गांजे के 10 बोरे
कार की तलाशी लेने पर उसमें गांजे के 10 बोरे बरामद हुए। पुलिस ने गांजे के साथ कार को भी जब्त कर लिया है। जब्त कार का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 01 CY 1200 बताया गया है। गिरफ्तार चालक की पहचान बलथर थाना क्षेत्र निवासी श्यामू कुमार उर्फ श्यामू यादव के रूप में हुई है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट





