Bihar Crime News: बिहार के बांका के रजौन थाना क्षेत्र के एक गांव में स्कूल से घर लौट रही नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी और जबरन मांग में सिंदूर डालने का मामला सामने आया है। घटना रविवार की बताई जा रही है। पीड़िता ने घर पहुंचकर अपने स्वजन को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसकी मां ने थाने में छह नाबालिगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
बताया गया कि छात्रा स्कूल से पढ़ाई करने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रही थी। गांव से कुछ पहले रास्ते में करीब छह नाबालिगों ने उसकी साइकिल रोक ली। आरोप है कि इस दौरान आरोपितों ने छात्रा के साथ छेड़खानी की। इसी बीच एक नाबालिग ने कथित तौर पर जबरन उसकी मांग में सिंदूर डाल दिया।
घटना के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। घर पहुंचने के बाद छात्रा ने स्वजन को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर रजौन थाना पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष अभय शंकर ने बताया कि आरोपितों को संरक्षण में लेने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार छापामारी की जा रही है।





