Everest Hing FSSAI Action: भारतीय रसोई में रोजाना इस्तेमाल होने वाली हींग को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स और लालजी गोधू एंड कंपनी के कुछ कंपाउंडेड हींग उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने का निर्देश दिया है. प्रयोगशाला जांच में संबंधित उत्पाद खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे, जिसके बाद नियामक ने दोनों कंपनियों को सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
यह कार्रवाई कंपनियों के सभी उत्पादों पर नहीं हुई है. FSSAI के आदेश में शामिल एवरेस्ट और LG ब्रांड के विशेष कंपाउंडेड हींग उत्पादों और उनके संबंधित वैरिएंट पर ही कार्रवाई की गई है.
उपभोक्ता की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
मामला एक उपभोक्ता की शिकायत के बाद सामने आया. शिकायत मिलने पर FSSAI ने बाजार में निगरानी बढ़ाई और प्रमुख ब्रांडों के खाद्य उत्पादों के नमूने लेकर उनकी जांच कराई. इसी क्रम में मुंबई स्थित एवरेस्ट और लालजी गोधू एंड कंपनी की केंद्रीय लाइसेंस प्राप्त इकाइयों से भी हींग के नमूने लिए गए.
प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट सामने आने के बाद संबंधित उत्पादों में निर्धारित मानकों के उल्लंघन की बात सामने आई. इसके बाद FSSAI ने दोनों कंपनियों को संबंधित हींग की बिक्री रोकने और बाजार में मौजूद सब-स्टैंडर्ड उत्पादों को वापस लेने की सलाह दी है.
एवरेस्ट की हींग में मानक से कम मिला अर्क
FSSAI की जांच के अनुसार एवरेस्ट की मिक्स्ड हींग पाउडर के एक नमूने में अल्कोहल में घुलनशील अर्क की मात्रा शून्य प्रतिशत पाई गई. निर्धारित खाद्य मानकों के अनुसार यह मात्रा कम से कम 5 प्रतिशत होनी चाहिए.
जांच में पीले हींग पाउडर में अल्कोहल में घुलनशील अर्क की मात्रा 3.29 प्रतिशत और ब्लैक हींग पाउडर में 4.4 प्रतिशत पाई गई. दोनों ही निर्धारित 5 प्रतिशत के मानक से कम थे.
FSSAI के अनुसार इससे पहले की गई नियमित सर्विलांस जांच में भी इसी पैरामीटर को लेकर गैर-अनुपालन सामने आया था. नियामक ने एवरेस्ट को कंपाउंडेड हींग और संबंधित वैरिएंट की बिक्री तत्काल रोकने तथा बाजार में मौजूद सब-स्टैंडर्ड उत्पादों को स्वेच्छा से वापस लेने की सलाह दी है.
LG की हींग में अधिक मात्रा में मिला स्टार्च
लालजी गोधू एंड कंपनी के LG ब्रांड की कंपाउंडेड हींग पर भी FSSAI ने कार्रवाई की है. जांच में पाउडर और लंप दोनों रूपों में उपलब्ध संबंधित हींग के नमूनों को सब-स्टैंडर्ड और मिसब्रांडेड पाया गया.
जांच के दौरान रॉ हींग की छह अलग-अलग किस्मों का परीक्षण किया गया. इनमें स्टार्च की मात्रा निर्धारित सीमा से काफी अधिक पाई गई. खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार हींग में स्टार्च की अधिकतम अनुमत मात्रा 1 प्रतिशत है, जबकि जांच किए गए नमूनों में इसकी मात्रा 15 से 32 प्रतिशत के बीच मिली.
मानक से अधिक स्टार्च पाए जाने के बाद FSSAI ने संबंधित उत्पादों की बिक्री रोकने का निर्देश दिया है. साथ ही कंपनी को केवल निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों को पूरा करने वाले उत्पादों का निर्माण और बिक्री सुनिश्चित करने को कहा गया है.
सभी एवरेस्ट और LG उत्पादों पर नहीं लगा प्रतिबंध
FSSAI की कार्रवाई को लेकर उपभोक्ताओं के लिए यह समझना जरूरी है कि एवरेस्ट या LG के सभी खाद्य उत्पादों पर रोक नहीं लगाई गई है. कार्रवाई केवल संबंधित आदेशों में शामिल कंपाउंडेड हींग और उसके वैरिएंट तक सीमित है.
दोनों कंपनियों को कमियों को दूर करने के लिए सुधारात्मक कार्रवाई योजना पेश करनी होगी. इसके बाद कंपनियों की कंप्लायंस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है.
खरीदारी के समय लेबल और FSSAI लाइसेंस जरूर देखें
खाद्य उत्पाद खरीदते समय उपभोक्ताओं को पैकेजिंग पर दी गई जानकारी, FSSAI लाइसेंस नंबर, लेबल, बैच नंबर और उत्पाद की अन्य जानकारी जरूर जांचनी चाहिए. किसी उत्पाद को लेकर संदेह होने पर उपभोक्ता संबंधित खाद्य सुरक्षा विभाग के पास शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं.





