Bihar Police News: बिहार के वैशाली जिले में पुलिस महकमे के भीतर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। एसपी शुभांक मिश्रा ने महिसौर थानाध्यक्ष चांदनी कुमारी सांवरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कर्तव्य निर्वहन में अनियमितता और संदिग्ध आचरण से जुड़ी शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई है। इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, वैशाली की ओर इसकी आधिकारिक जानकारी दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, महिसौर थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक (पु०अ०नि०) चांदनी कुमारी सांवरिया के खिलाफ कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों का प्रथम दृष्टया अवलोकन किया गया। इस दौरान कर्तव्य निर्वहन में अनियमितता और संदिग्ध आचरण से संबंधित तथ्य सामने आने की बात कही गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शुभांक मिश्रा ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित करने का आदेश जारी किया। इस कार्रवाई के बाद वैशाली पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
महिसौर थानाध्यक्ष के निलंबन के साथ ही एसपी ने पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और विस्तृत जांच के आदेश भी दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) यातायात, वैशाली को सौंपी गई है। अब जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल चांदनी कुमारी सांवरिया के निलंबन के बाद वैशाली पुलिस महकमे में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज है। एसएसपी के आदेश के बाद अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली अगली विभागीय कार्रवाई पर टिकी हुई है।




