Patna News: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने दावा किया कि उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है और रात-दिन संदिग्ध लोग उनके घर और गाड़ी के आसपास घूम रहे हैं।
तेज प्रताप यादव ने कहा कि उन्हें फिलहाल केवल एक सुरक्षाकर्मी दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, उससे उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनके मुताबिक, रात-दिन उनके दरवाजे के बाहर संदिग्ध लोग घूमते हैं और कई लोग उनकी गाड़ी का पीछा भी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी हत्या कराने की साजिश रची जा रही है। तेज प्रताप ने मांग की कि इस मामले में जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
शराबबंदी पर भी तेज प्रताप ने उठाए सवाल
तेज प्रताप यादव ने बिहार में शराबबंदी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट का हवाला देते हुए कहा कि एक व्यक्ति उनके घर के बाहर शराब पीकर कथित तौर पर शराब की होम डिलीवरी कर रहा था।
तेज प्रताप के मुताबिक, उन्होंने खुद उस व्यक्ति को पकड़ लिया और इसके बाद पुलिस को फोन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया।
बोले- रात-दिन यही सब हो रहा है
तेज प्रताप यादव ने कहा कि लगातार उनकी गाड़ी के पीछे संदिग्ध लोग आते-जाते रहते हैं। उन्होंने इसे साजिश करार देते हुए कहा कि उनकी हत्या की कोशिश की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि जो भी लोग इस मामले में दोषी हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। तेज प्रताप ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की भी मांग की है।
पटना से फर्स्ट बिहार संवाददाता रजनीश रमण की रिपोर्ट





