ब्रेकिंग
सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, बिहार के सरकारी अफसरों की मृत्यु के बाद भी जब्त होगी अवैध संपत्ति✦पटना से गयाजी सिर्फ 90 मिनट में! इस महीने शुरू हो सकती है 127 KM की फोरलेन सड़क, जानिए कहां बन रहा आखिरी फ्लाईओवर✦दो निर्दलीय MLC की सदस्यता पर घमासान, प्रशांत किशोर भी खटखटाएंगे कोर्ट का दरवाजा ✦पटना पुलिस में बड़ा फेरबदल: 114 पदाधिकारियों का तबादला, SSP ने जारी किया आदेश✦बिहार में 8 नवनिर्वाचित MLC ने ली शपथ, दो निर्दलीय सदस्यों की सदस्यता रद्द कराने हाईकोर्ट जाएंगे तेजस्वी यादव✦सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, बिहार के सरकारी अफसरों की मृत्यु के बाद भी जब्त होगी अवैध संपत्ति✦पटना से गयाजी सिर्फ 90 मिनट में! इस महीने शुरू हो सकती है 127 KM की फोरलेन सड़क, जानिए कहां बन रहा आखिरी फ्लाईओवर✦दो निर्दलीय MLC की सदस्यता पर घमासान, प्रशांत किशोर भी खटखटाएंगे कोर्ट का दरवाजा ✦पटना पुलिस में बड़ा फेरबदल: 114 पदाधिकारियों का तबादला, SSP ने जारी किया आदेश✦बिहार में 8 नवनिर्वाचित MLC ने ली शपथ, दो निर्दलीय सदस्यों की सदस्यता रद्द कराने हाईकोर्ट जाएंगे तेजस्वी यादव

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, बिहार के सरकारी अफसरों की मृत्यु के बाद भी जब्त होगी अवैध संपत्ति

Supreme Court News: भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में सुप्रीम कोर्ट ने तीन महत्वपूर्ण फैसले सुनाए हैं। लोक सेवक की मृत्यु के बाद भी अवैध संपत्ति की जब्ती जारी रहेगी।

Supreme Court News
© Google
Mukesh Srivastava
5 मिनट

Supreme Court News: बिहार में भ्रष्टाचार और निगरानी ब्यूरो से जुड़े मामलों में सर्वोच्च न्यायालय ने कई महत्वपूर्ण न्यायिक फैसले सुनाए हैं। इन फैसलों में अवैध संपत्ति की जब्ती, आय से अधिक संपत्ति के मामलों में सोने के आभूषणों का स्रोत बताने और 48 घंटे से अधिक न्यायिक हिरासत में रहने पर लोक सेवक के स्वतः निलंबन जैसे महत्वपूर्ण कानूनी पहलुओं को स्पष्ट किया गया है। सुप्रीम कोर्ट के इन फैसलों का भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और बिहार विशेष न्यायालय अधिनियम के तहत चलने वाली कानूनी कार्रवाई पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ेगा।




अवैध संपत्ति की जब्ती की कार्रवाई जारी रहेगी

उच्चतम न्यायालय की खंडपीठ ने The State of Bihar through Vigilance Vs. Sudha Singh, SLP (Cr.) No. 7454/2025 एवं The State of Bihar through Vigilance Vs. Uma Devi, SLP (Cr.) Diary No. 15698/2025 में 20 मार्च 2026 को महत्वपूर्ण निर्णय सुनाया। इस फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बिहार विशेष न्यायालय अधिनियम, 2009 के तहत शुरू की गई संपत्ति जब्ती (Confiscation) की कार्रवाई केवल इस आधार पर स्वतः समाप्त नहीं होगी कि संबंधित लोक सेवक की मृत्यु हो गई है।



न्यायालय ने कहा कि यदि कथित अवैध रूप से अर्जित संपत्तियां संबंधित लोक सेवक की पत्नी, निकट संबंधियों या अन्य गैर-लोक सेवक व्यक्तियों के नाम पर पाई जाती हैं और उन्हें कार्रवाई की शुरुआत में विधिवत नोटिस दिया गया था, तो उनके विरुद्ध जब्ती की कार्रवाई कानून के अनुसार जारी रह सकती है।इस निर्णय से यह स्पष्ट हुआ है कि लोक सेवक की मृत्यु मात्र से अवैध संपत्ति की जब्ती की कानूनी प्रक्रिया समाप्त नहीं हो जाती।



सोने की निर्धारित मात्रा का हवाला पर्याप्त नहीं

न्यायमूर्ति के.वी. विश्वनाथन एवं न्यायमूर्ति अरुण पल्ली की खंडपीठ ने 2 नवंबर 2026 को बिहार राज्य बनाम फूलपरी कुमारी, आपराधिक अपील संख्या 5212/2026 (उद्भूत SLP (Cr.) No. 15711/2026) में महत्वपूर्ण फैसला सुनाया। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) के निर्देश  के आधार पर सोना रखने की निर्धारित मात्रा का हवाला देना मात्र आय से अधिक संपत्ति के मामले में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं माना जा सकता।



न्यायालय ने कहा कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत आय से अधिक संपत्ति के अभियोजन में इन प्रावधानों के आधार पर स्वतः छूट नहीं मिलती है। संबंधित अभियुक्त को अपने पास मौजूद सोने और आभूषणों के अर्जन का स्रोत बताना होगा। इस फैसले में यह स्पष्ट किया गया कि सोना रखने की निर्धारित सीमा और उसके वैध स्रोत की व्याख्या दो अलग-अलग बातें हैं। केवल निर्धारित मात्रा के भीतर सोना होने का दावा करना उसके अर्जन को वैध साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं है।



48 घंटे से अधिक न्यायिक हिरासत में रहने पर स्वतः निलंबन

उच्चतम न्यायालय ने निगरानी थाना कांड संख्या 29/2025 के अभियुक्त विश्वजीत सिंह उर्फ विश्वजीत रामानन्द द्वारा दायर SLP (Cr.) No. 13108/2026 में 6 नवंबर 2026 को पारित आदेश में स्पष्ट किया कि किसी लोक सेवक के 48 घंटे से अधिक न्यायिक हिरासत में रहने पर उसे स्वतः निलंबित माना जाएगा। इसके लिए अलग से निलंबन आदेश पारित करना आवश्यक नहीं है।



इस मामले में अभियुक्त विश्वजीत सिंह उर्फ विश्वजीत रामानन्द को विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर ने नियमित जमानत दी थी। हालांकि, पटना उच्च न्यायालय ने क्रिमिनल मिसलेनियस संख्या 74033/2025 में 1 जुलाई 2026 को पारित आदेश के माध्यम से जमानत रद्द कर दी थी। इसके बाद अभियुक्त ने उच्चतम न्यायालय में विशेष अनुमति याचिका दायर की थी।



सुप्रीम कोर्ट ने जमानत के सिद्धांतों को स्पष्ट करते हुए कहा कि इस तरह के मामलों में अपराध के लिए निर्धारित अधिकतम सजा को ध्यान में रखकर सामान्यतः जमानत पर विचार किया जाना चाहिए। हालांकि, अभियुक्त का आपराधिक इतिहास या मामले के तथ्य अत्यंत गंभीर होने पर न्यायालय जमानत देने से इनकार कर सकता है। न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि रिश्वत की राशि कम या अधिक होना जमानत देने के प्रश्न पर विचार करने का प्रासंगिक आधार नहीं है।



भ्रष्टाचार के मामलों में फैसलों का महत्वपूर्ण कानूनी प्रभाव

सर्वोच्च न्यायालय के इन तीनों फैसलों ने भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में संपत्ति जब्ती, आय से अधिक संपत्ति के स्पष्टीकरण और लोक सेवकों के निलंबन एवं जमानत से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी पहलुओं को स्पष्ट किया है। इन निर्णयों से भ्रष्टाचार के मामलों में चल रही कानूनी प्रक्रियाओं और संबंधित प्रावधानों की व्याख्या को महत्वपूर्ण दिशा मिली है।

रिपोर्टिंग
F

रिपोर्टर

FIRST BIHAR

FirstBihar संवाददाता