PATNA: बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। दोनों के बीच करीब दो घंटे तक फिल्म उद्योग, बिहार में शूटिंग और राज्य में फिल्म हब विकसित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात के बाद सुनील शेट्टी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बिहार में अक्टूबर महीने से फिल्मों की शूटिंग शुरू होने जा रही है। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार की नई फिल्म नीति के तहत 50 से 60 दिनों की शूटिंग की योजना पर चर्चा हुई है। अगले सप्ताह उनकी पूरी टीम बिहार के विभिन्न लोकेशनों का निरीक्षण करने आएगी।
सुनील शेट्टी ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी चाहते हैं कि बिहार में फिल्म उद्योग का विकास हो और अधिक से अधिक फिल्म निर्माता राज्य में आएं। उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग के आने से रोजगार, प्रोडक्शन, पर्यटन और अन्य कई क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि फिल्म का नाम और अन्य विवरण अभी अंतिम रूप दिए जाने के बाद सार्वजनिक किए जाएंगे। मुख्यमंत्री का रुख बेहद सकारात्मक है और सरकार फिल्म निर्माण से जुड़े सभी आवश्यक सहयोग देने को तैयार है।
सुनील शेट्टी ने कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश फिल्म उद्योग के लिए बेहद महत्वपूर्ण बाजार हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई फिल्म बिहार और यूपी के दर्शकों को पसंद आती है, तो उसकी सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है। यहां के दर्शक बेहद मजबूत और प्रभावशाली हैं। उन्होंने बिहार की प्राकृतिक सुंदरता और यहां की शूटिंग लोकेशनों की भी सराहना की। साथ ही कहा कि बिहार में फिल्मों की शूटिंग से राज्य की प्रतिभाओं को भी बड़ा मंच मिलेगा।
बिहार की मेहमाननवाजी की तारीफ करते हुए सुनील शेट्टी ने कहा कि उन्होंने लिट्टी-चोखा का स्वाद चखा और यह उन्हें बेहद पसंद आया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बिहार फिल्म निर्माण का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।
पटना से प्रेम राज की रिपोर्ट




